Haryana

कांग्रेस की सूची आने पर इस्तीफाें का दाैर शुरू

-कांग्रेस ने कलह से बचने को कम सीटों पर उतारे प्रत्याशी

चंडीगढ़, 7 सितंबर (Udaipur Kiran) । कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रत्याशियाें की पहली सूची जारी किए जाने के बाद प्रदेश भर में विराेध शुरू हाे गया है। शुक्रवार की रात कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में 32 प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा है। इनमें 28 मौजूदा विधायक हैं तो चार नए चेहरे हैं। कांग्रेस ने बरोदा विधानसभा हलके से इंदुराज नरवाल को टिकट दिया है। इसका विरोध करते हुए शनिवार को कांग्रेस टिकट के दावेदार रहे कांग्रेस नेता डॉ. कपूर सिंह नरवाल ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने समर्थकों की बैठक बुला ली है। इसमें वे हालात पर चर्चा कर आगे का फैसला लेंगे। कपूर नरवाल ने कांग्रेस छोड़ने का ऐलान किया। साथ ही रविवार को कार्यकर्ताओं की मीटिंग बुलाई है। टिकट न मिलने पर कपूर नरवाल ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उनके साथ गद्दारी की है। उपचुनाव में हुड्डा ने उनसे वादा किया था कि आम चुनाव में उनको टिकट दी जाएगी।

बहादुरगढ़ विधानसभा में 3 बार के विधायक राजेंद्र जून के टिकट को लेकर कांग्रेस के पार्टी डेलिगेट उनके भतीजे ने मोर्चा खोल दिया है। राजेश जून ने टिकट बंटवारे के विरोध में पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कांग्रेस विधायक के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ऩे का भी ऐलान कर दिया है। राजेश जून ने बाकायदा 11 सितंबर को नामांकन दाखिल करने का ऐलान किया है। दिल्ली रोहतक रोड पर अपने कार्यालय के बाहर नामांकन दाखिल करने की तारीख का फ्लैक्स भी लगाया है।

इस बीच भारतीय जनता पार्टी में आज तीसरे दिन भी इस्तीफों का दौर जारी रहा। सिरसा के कालांवाली से पूर्व विधायक बलकौर सिंह ने भाजपा को अलविदा कह दिया है। भाजपा ने इस बार उनका टिकट काट कर राजेंद्र देसुजोधा को दिया है। इससे बलकौर सिंह नाराज हो गए। बलकौर कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। हालांकि कांग्रेस की ओर से शुक्रवार की रात जारी सूची में कालांवाली से विधायक शीशपाल केहरवाला को टिकट दिया गया है। इस बीच पूर्व मंत्री बच्चन सिंह आर्य ने भाजपा छोड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता के साथ ही सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। वह जजपा विधायक रामकुमार गौतम को सफीदों से टिकट दिए जाने से नाराज चल रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top