

गुवाहाटी, 19 जनवरी (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के आज के एपिसोड में असम के सामाजिक संगठन हाथीबंधु द्वारा हाथी और मानव के बीच संघर्ष को कम करने के लिए उठाए गए दीर्घकालिक प्रयासों की सराहना की।
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को साझा किया कि कुछ समय पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में असम के हाथीबंधु पहल का उल्लेख किया था। यह पहल मानव-हाथी संघर्ष को कम करने के लिए एक प्राकृतिक समाधान है। नगांव और कार्बी आंगलोंग में 30 हेक्टेयर निजी भूमि पर हाथियों के लिए उपयुक्त फसलें उगाई गई हैं। इन फसलों ने हाथियों के लिए भोजन की आसान व्यवस्था सुनिश्चित की है और जनता की फसलों को नुकसान होने की घटनाओं को कम करने में मदद की है। लगभग आठ हजार लोग इस पहल से लाभान्वित हुए हैं, जिससे मानव और हाथी दोनों के लिए लाभदायक स्थिति बनी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विषय पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित करेगा, इसके लिए प्रधानमंत्री का डॉ. सरमा ने अपना आभार व्यक्त किया। असम के नगांव जिले के चापानाला रोंगहांग कार्बी गांव के इस संगठन की पहल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने पर असम भाजपा ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
भाजपा के प्रवक्ता रंजीव कुमार शर्मा ने कहा कि यह प्रयास सृष्टि के साथ सह-अस्तित्व के भारतीय दर्शन को फिर से प्रदर्शित करता है। हाथीबंधु ने नापियर घास और धान की खेती कर हाथियों के लिए भोजन उपलब्ध कराने का अभिनव समाधान पेश किया है। इससे फसलों को हाथियों द्वारा नष्ट किए जाने की समस्या में कमी आई है। संगठन के संस्थापक प्रदीप कुमार भुइयां और विनोद दुलु बोरा को इस दिशा में प्रेरणादायक कार्य के लिए असम भाजपा ने बधाई दी।
इसके साथ ही, असम समेत पूरे देश में लाखों भाजपा कार्यकर्ताओं ने मन की बात को बूथ स्तर पर सुना। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने बरपेटा जिले के एक बूथ पर कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। राज्य के अन्य नेताओं, जैसे मंत्री पियूष हजारिका और जयंत मल्लबरुवा, ने भी अपने-अपने स्थानों पर मन की बात सुनने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि असम के 28,532 बूथों पर दस लाख से अधिक कार्यकर्ताओं ने मन की बात कार्यक्रम को सुना और आगामी पंचायत चुनावों पर चर्चा की।
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश
