
फिरोजाबाद, 8 जून (Udaipur Kiran) । केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने रविवार को राहुल गांधी के आपरेशन सिंदूर पर सवाल उठाने को लेकर कहा कि वह भारत की एकता और अखंडता के साथ फौज के मनोबल को कम करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी का कार्यकाल स्वर्णिम है।
केंद्रीय मंत्री प्रो. एस पी सिंह बघेल ने रविवार को फिरोजाबाद में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती के मौके पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। उन्होंने लोकमाता अहिल्याबाई के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनकी लोकप्रियता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जो अपने पुरखों का सम्मान नहीं करता। वह समाज में रहने लायक नहीं होता। उसमें भी ऐसे पुरखे हिंदू राष्ट बनाए रखने में अपना योगदान दिया। तमाम हिंदू देवी देवताओं के मंदिर और मठ बनवाए। पानी के लिए बावड़िया बनवाईं। ये ऐसे राजा थे, जिन्होंने संघर्ष किया। बाकी राजा तो अपनी मां के पेट से राजा बनकर पैदा हुए।
इस दौरान मीडिया से भी रूबरू हुए। उन्होंने आपरेशन सिंदूर पर राहुल गांधी के सवाल उठाने को लेकर कहा कि वह भारत की एकता और अखंडता के साथ फौज के मनोबल को कम करने का काम करते हैं। जयराम रमेश के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकाल स्वर्णिम है। कर्नाटक और पंजाब में जब कांग्रेस की सरकार बनती है तब चुनाव आयोग सही होता है। जब भाजपा की सरकार बनती है तो ईवीएम और चुनाव आयोग को कठघरे खड़ा करते हैं। अखिलेश यादव को आखिरी मुगल शासक बताए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुगल शासक तो नहीं लेकिन उनकी कार्यशैली में कुछ झलक तो दिखती है।
शोभायात्रा गांधी पार्क से गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में लगभग एक दर्जन आकर्षण झांकियों के साथ ऊंट, घोड़े, काली अखाड़े आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा का मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत हुआ।
शोभायात्रा में सदर विधाायक मनीष असीजा, टूंडला विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर, महापौर कामिनी राठौर, विपिन लोधी विधायक एटा, भगवान सिंह कुशवाह विधायक खैरगढ़, आचार्य दयालूराम, नानकचंद्र अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष डाॅ सतीश दिवाकर, योगेश प्रताप सिंह बघेल, महाराज सिंह धनगर आदि मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / कौशल राठौड़
