Haryana

प्रधानमंत्री मोदी 26 को नमो एप से देंगे जीत का मंत्र: नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 22 सितंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत पक्की करने को लेकर भाजपा पूरी तरह मैदान में उतर चुकी है। पार्टी माइक्रो मैनजमेंट पर फोकस कर रही है। चुनावी बेला में कार्यकर्ताओं में नया जोश और ऊर्जा भरने के लिए अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 26 सितंबर को नमो एप के माध्यम से कार्यकर्ताओं से जुड़ेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को जारी बयान में बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नमो एप के माध्यम से पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और जीत का मंत्र देंगे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी नमो एप पर ज्यादा से ज्यादा जुड़कर प्रधानमंत्री मोदी के विचारों को सुनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से डबल इंजन की सरकार को मजबूती और प्रदेश के विकास को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता चुनाव में बड़ी जीत के लिए उत्साह व समर्पण के साथ जुटे हुए हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन प्रदेश की राजनीति को नई दिशा देने का काम करेगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज भाजपा प्रदेश में आम जन की आवाज बन चुकी है। हर तरफ सरकार के विकास कार्यों की गूंज है। सरकार ने ईमानदारी से लाखों युवाओं को बिना पर्ची व बिना खर्ची के सरकारी नौकरी देने का काम किया है। आगे भी भाजपा की सरकार इसी नीति पर चलकर प्रदेश को और खुशहाल बनाने का कार्य करेगी।

मुख्यमंत्री सैनी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के भ्रष्टचार व पर्ची और खर्ची की पोल हर दिन खुल रही है जिसे प्रदेश की जनता देख रही है। फरीदाबाद एनआईटी से कांग्रेस प्रत्याशी नीरज शर्मा, असंध से कांग्रेस प्रत्याशी शमशेर गोगी के बाद गन्नौर से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार कुलदीप शर्मा भी बईमानी से नौकरियां बांटने की बात कबूल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ऐसे लोगों को प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top