HEADLINES

प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान का किया शुभारंभ

भाजपा के सदस्यता अभियान का शुभारंभ करने के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ

नई दिल्ली, 02 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान-2024 का शुभारंभ किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ भाजपा मुख्यालय में पार्टी के ‘सदस्यता अभियान’ का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया और पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रधानमंत्री मोदी ने मिस्ड कॉल सेवा के माध्यम से अपनी भाजपा सदस्यता का नवीनीकरण किया और 2024 में पार्टी के पहले सदस्य बने। प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से भाजपा सदस्यता प्रमाण पत्र प्राप्त किया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज सदस्यता अभियान का एक और दौर प्रारंभ हो रहा है। भारतीय जनसंघ से लेकर अब तक हमने देश में एक नई राजनीतिक संस्कृति लाने का भरसक प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि जब तक जिस संगठन के माध्यम या जिस राजनीतिक दल के माध्यम से देश की जनता सत्ता सुपुर्द करती है, वो ईकाई, वो संगठन और वो दल अगर लोकतांत्रिक मूल्यों को नहीं जीता है, उसमें आंतरिक लोकतंत्र निरंतर पनपता नहीं है तो वैसी स्थिति बनती है जो आज देश कई दलों को हम देख रहे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा के संगठन पर्व, सदस्यता अभियान 2024 के शुभारंभ के अवसर पर कार्यकर्ताओं को से कहा, आपका उत्साह और भारत के लोगों का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति प्यार और भाजपा में उनका विश्वास देखकर, मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि इस बार सदस्यता अभियान भी 10 करोड़ को पार कर जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा एकमात्र लोकतांत्रिक तरीके से चलने वाली पार्टी है, वह कामकाज में अपने संविधान का पालन करती है।

उन्होंने कहा कि पहली बार निर्णय हुआ था कि हम डिजिटली सदस्यता अभियान चलाएंगे। उस समय यह सदस्यता अभियान पूरे 6 महीने चला था और पहली बार 10 करोड़ का लक्ष्य हमने पार किया था।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस सच्चाई को आज कोई नकार नहीं सकता कि नेताओं की कथनी और करनी में अंतर होने के कारण भारत की राजनीति और भारत के नेताओं पर से जनता का विश्वास कम हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत की राजनीति में इससे पहले नेताओं की कथनी और करनी में जो विश्वास का संकट पैदा हुआ था, उस विश्वसनीयता के संकट को किसी ने चुनौती के रूप में स्वीकार किया है, तो वो हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा न केवल विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, बल्कि सबसे अधिक लोकतांत्रिक पार्टी भी है। आज भारत में 1,500 से अधिक राजनीतिक दल हैं, इनमें से कोई भी लोकतांत्रिक तरीके से हर छह साल में अपना सदस्यता अभियान नहीं चलाता है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में कार्यकर्ता महज सदस्यता का एक अंक नहीं, बल्कि हमारे यहां कार्यकर्ता एक जीवंत इकाई, विचारधारा का वाहक, कार्य-संस्कृति का पोषक और हमारे कार्यकर्ता सरकार और संगठन के बीच में कड़ी का भी काम करते हैं, जो सरकार को हमेशा जनता के साथ जोड़कर रखता है।

—————

(Udaipur Kiran) / सुशील कुमार

Most Popular

To Top