HEADLINES

उपग्रहों की अंतरिक्ष डॉकिंग के सफल प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री मोदी ने इसरो को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

नई दिल्ली, 16 जनवरी (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उपग्रहों की अंतरिक्ष डॉकिंग के सफल प्रदर्शन के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को बधाई दी है। उन्होंने आज एक्स पर कहा कि उपग्रहों की अंतरिक्ष डॉकिंग के सफल प्रदर्शन के लिए इसरो के वैज्ञानिकों और पूरे अंतरिक्ष समुदाय को बधाई। यह आने वाले वर्षों में भारत के महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष मिशनों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने भी एक्स पर इसरो को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इसरो ने आखिरकार कर दिखाया। स्पैडेक्स ने अविश्वसनीय कार्य पूरा कर लिया है। डॉकिंग पूरी हो गई है और यह पूरी तरह स्वदेशी भारतीय डॉकिंग सिस्टम है। इससे भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन, चंद्रयान 4 और गगनयान सहित भविष्य के महत्वाकांक्षी मिशनों के सुचारू संचालन का मार्ग प्रशस्त होता है। प्रधानमंत्री मोदी का निरंतर संरक्षण यहां बेंगलुरु में उत्साह को बढ़ाता रहता है।

उल्लेखनीय है कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने गुरुवार सुबह इतिहास रचा। इसरो ने दो उपग्रहों को सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में स्थापित कर दिया। इसके साथ ही अमेरिका, रूस, चीन के बाद भारत यह उपलब्धि हासिल करने वाला चौथा देश बन गया।

—————

(Udaipur Kiran) / विजयालक्ष्मी

Most Popular

To Top