
– मुख्यमंत्री डॉ यादव ने दी बधाई
भोपाल, 25 जनवरी (Udaipur Kiran) । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को 15वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित समारोह में मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले की कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा मीणा को लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान स्वीप गतिविधियों के सफल संचालन के लिए वर्ष 2024-25 के लिए बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिसेज अवॉर्ड से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने झाबुआ कलेक्टर नेहा मीणा को बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिस अवार्ड 2024-25 से सम्मानित होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
गौरतलब है कि जिला कलेक्टर नेहा मीणा ने लोकसभा चुनाव के दौरान झाबुआ जिले में भगोरिया उत्सव की पारंपरिक परिधान पहने शुभंकर युगल ‘चुनावी काका – चुनावी काकी’ का उपयोग कर स्वीप अभियान चलाया। इससे मतदाता जागरूकता को बढ़ावा मिला। शनिवार को दिल्ली स्थित मानेकशॉ सेंटर में 15वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम हुआ, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा उन्हें बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिसेज अवार्ड 2024-25 से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और केन्द्रीय विधि और न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने शनिवार देर शाम सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से कहा कि राष्ट्रपति द्वारा झाबुआ कलेक्टर नेहा मीना को सम्मान प्रदान करना मध्य प्रदेश के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि कलेक्टर मीना ने निर्वाचन प्रक्रिया में मतदाताओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए अनुकरणीय नवाचार किए हैं, जो लोकतंत्र के सतत् विकास और उसकी समृद्धि के प्रयासों को एक नई दिशा प्रदान करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम में सम्मानित देश के सभी प्रतिभागी भी उनके उत्कृष्ट योगदान और सम्मान के लिए बधाई के पात्र हैं।
(Udaipur Kiran) तोमर
