

नई दिल्ली, 18 फरवरी (Udaipur Kiran) । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी के सम्मान में एक विशेष रात्रिभोज का आयोजन किया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारत सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस विशेष रात्रिभोज के दौरान भारत और कतर के बीच द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने, व्यापार, निवेश, ऊर्जा और रणनीतिक साझेदारी पर विस्तार से चर्चा हुई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में भारत और कतर के बीच ऐतिहासिक एवं घनिष्ठ संबंधों को रेखांकित किया और कहा कि कतर भारत का एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार है, और दोनों देशों के बीच आर्थिक एवं सांस्कृतिक संबंध लगातार प्रगाढ़ हो रहे हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, आपकी ये यात्रा हमारे ऐतिहासिक संबंधों और मैत्रीमय में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। दोनों देशों के बीच एक विशेष संबंध रहें जो बेहद घनिष्ठ और जीवंत है। मुझे कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी और उनके प्रतिनिधिमंडल का भारत की दूसरी राजकीय यात्रा पर स्वागत करते हुए बहुत खुशी हो रही है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, कतर में रहने वाले भारतीय समुदाय ने कतर को अपना दूसरा घर बना लिया है और वे स्थानीय समाज में सरलता से घुलमिल गए हैं। मैं उनकी शानदार देखभाल के लिए आपका और कतर के लोगों की बहुत आभारी हूं। उन्होंने कहा कि भारत और कतर के बीच आज रणनीतिक साझेदारी समझौतों पर हुए हस्ताक्षर इस बात का प्रमाण है कि हम अपने आपसी संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और पारस्परिक रूप से लाभकारी साझेदारी तैयार करने के लिए समान रूप से प्रतिबद्ध है। ये हमारे लोग की भावना और प्रयास का भी सम्मान है।
राष्ट्रपति ने आगे कहा कि भारत और कतर दोनों ही अपने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए नवाचार और स्थिरता पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। कतर ने 2030 के लिए अपनी राष्ट्रीय विकास रणनीति तैयार की है, जबकि भारत का विजन 2047 तक “विकसित भारत” बनने का है।
उन्होंने कहा, मुझे पूरा विश्वास है कि भारत की आपकी राजकीय यात्रा हमारे दीर्घकालिक और बहुआयामी संबंधों में एक नया अध्याय जोड़ेगी, जिससे हमारे लोगों को लाभ होगा। हम मित्रता और सहयोग के इन सदियों पुराने बंधनों को महत्व देते हैं और इन संबंधों को और मजबूत बनाने की आशा करते हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इस अवसर पर कतर के अमीर का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और कतर के बीच ऊर्जा, व्यापार, निवेश और रक्षा क्षेत्रों में सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की असीम संभावनाएं हैं।
रात्रिभोज के दौरान दोनों देशों के बीच एलएनजी (तरलीकृत प्राकृतिक गैस) आपूर्ति, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, स्टार्टअप्स, खाद्य सुरक्षा और निवेश सहयोग को लेकर चर्चा हुई। कतर भारत के लिए प्रमुख ऊर्जा आपूर्तिकर्ताओं में से एक है और दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए नई साझेदारियों की संभावनाओं पर विचार किया गया। साथ ही भारत में बसे प्रवासी कतरियों और कतर में कार्यरत भारतीय समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी चर्चा की गई। कतर में 08 लाख से अधिक भारतीय नागरिक कार्यरत हैं, जो वहां की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। राष्ट्रपति मुर्मू और अमीर अल-थानी ने इस संबंध को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।
बैठक में यह सहमति भी बनी कि भारत और कतर आने वाले वर्षों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करेंगे, विशेष रूप से व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रक्षा क्षेत्रों में नए समझौतों पर काम किया जाएगा।
कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी ने भारत के गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया और भारत-कतर संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता जाहिर की। उन्होंने कहा, भारत और कतर सदियों पुराने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध साझा करते हैं, और हमें इस मित्रता को आगे बढ़ाने पर गर्व है।
अमीर शेख अल-थानी ने कहा, पिछले वर्ष हमने अपने सहयोग में उल्लेखनीय प्रगति देखी, विशेष रूप से ऊर्जा क्षेत्र में, जिसमें व्यापार और आपसी निवेश के क्षेत्र में हमारे दोनों देशों के बीच एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अतिरिक्त, हमारे देशों ने एक रणनीतिक साझेदारी स्थापित करने के लिए एक समझौता किया, जो विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग विकसित करने और हमारे दोनों लोगों के बीच संबंधों को बढ़ाने के लिए एक मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस संदर्भ में मैं कतर में भारतीय समुदाय के लिए अपनी प्रशंसा व्यक्त करना चाहूंगा, जो हमारे देश के सामाजिक और सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और हमारे दो मित्र देशों के बीच एक सामाजिक सेतु का काम करता है…
—————
(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय
