नई दिल्ली, 25 जनवरी (Udaipur Kiran) । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 49 व्यक्तियों को प्रतिष्ठित जीवन रक्षा पदक शृंखला पुरस्कार-2024 प्रदान करने को मंजूरी दी है। इनमें से 17 को सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक, 9 को उत्तम जीवन रक्षा पदक और 23 को जीवन रक्षा पदक से सम्मानित किया जाएगा।
गृह मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि जीवन रक्षा पदक शृंखला के पुरस्कार किसी व्यक्ति की जान बचाने में मानवीय प्रकृति के सराहनीय कार्य के लिए प्रदान किया जाता है। यह पुरस्कार तीन श्रेणियों- सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक, उत्तम जीवन रक्षा पदक और जीवन रक्षा पदक में प्रदान किया जाता है। जीवन के सभी क्षेत्रों से जुड़े व्यक्ति इन पुरस्कारों के पात्र हैं। ये पुरस्कार मरणोपरांत भी प्रदान किए जाते हैं।
इस पुरस्कार के अलंकरण में मेडल, केंद्रीय गृहमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र एवं एकमुश्त मौद्रिक भत्ता शामिल है। यह पुरस्कार प्राप्तकर्ता को उस केंद्रीय मंत्रालय, संगठन, राज्य सरकार द्वारा प्रदान किए जाते हैं, जिससे पुरस्कार प्राप्तकर्ता सम्बंधित है।
—————
(Udaipur Kiran) / सुशील कुमार
