मुंबई, 23 अप्रैल (Udaipur Kiran) । कश्मीर के पहलगांव में हुए आतंकी हमले में महाराष्ट्र के छह पर्यटकों की मौत हो गई है और पांच पर्यटक घायल हुए हैं। महाराष्ट्र सरकार कश्मीर में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित वापस लाने का प्रयास कर रही है। अभी भी महाराष्ट्र के कई पर्यटक कश्मीर में फंसे हैं। महाराष्ट्र प्रशासन इन सभी को सुरक्षित वापस लाने के लिए प्रयास कर रहा है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार इस हमले में मारे गए संजय लेले और दिलीप डिसले के पार्थिव शरीर को श्रीनगर से मुंबई के लिए एयर इंडिया की उड़ान से मुंबई लाया जाएगा। पुणे के कौस्तुभ गणवते और संतोष जगदाले के पार्थिव शरीर को आज शाम पुणे के लिए रवाना किया जाएगा। हेमंत जोशी और अतुल मोने के पार्थिव शरीर को लेकर विमान मुंबई लाया जाएगा।
मुंबई में मंत्री आशीष शेलार और मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा समन्वय के लिए मुंबई हवाई अड्डे पर रहेंगे, जबकि मंत्री माधुरीताई मिसाल को पुणे हवाई अड्डे की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंत्री गिरीश महाजन को फंसेपर्यटकों को मदद पहुंचाने के लिए श्रीनगर भेजा गया है।
दरअसल, मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे पहलगाम के बैसरन घाटी में आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई और करीब 17 लोग घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद अभी भी महाराष्ट्र के कई पर्यटक कश्मीर में फंसे हैं। महाराष्ट्र प्रशासन इन सभी को सुरक्षित वापस लाने के लिए प्रयास कर रहा है।
—————
(Udaipur Kiran) यादव
