
प्रयागराज, 22 अप्रैल (Udaipur Kiran) । यूपीएससी 2024 के आज घोषित परिणामों में प्रयागराज की शक्ति दुबे ने ऑल इंडिया रैंक में प्रथम स्थान हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने इस उपलब्धि पर उनको बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
सिविल सेवा परीक्षा 2024 की परीक्षा में शक्ति दुबे ने टॉप (रैंक 1) हासिल किया है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बायो कैमिस्ट्री में स्नातक किया है। इसके बाद बीएचयू से पढ़ाई की। यूपीएससी में उन्होंने वैकल्पिक विषय के रूप में राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय सम्बंध (पॉलिटिकल साइंस एंड इंटरनेशनल रिलेशंस) लिया था।
वहीं, गुजरात की हर्षिता गोयल दूसरे स्थान पर और हरियाणा के डोंगरे अर्चित पराग तीसरे स्थान पर रहे। शाह मार्गी चिराग चौथे और आकाश गर्ग पांचवे स्थान पर रहे। इसी प्रकार टॉप टेन की सूची के अनुसार छठे स्थान पर कोमल पुनिया, सातवें पर आयुषी बंसल, आठवें पर राज कृष्ण झा, नौवें पर आदित्य विक्रम एवं दसवें स्थान पर मयंक त्रिपाठी हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र
