मंडी, 20 मार्च (Udaipur Kiran) । पूर्व सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि निगमों और बोर्डों में वरिष्ठ और समर्पित पार्टी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने का मामला सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं का फीडबैक लेने के बाद जिला स्तर पर कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
वीरवार को मंडी में प्रतिभा सिंह ने मंडी जिला के पांच विधानसभा क्षेत्रों सदर, द्रंग, जोगिंद्रनगर,बल्ह और सराज के कार्यकर्ताओं बैठक करने के बाद कहा कि सबसे पहले जिला अध्यक्षों की तैनाती की जाएगी, उसके बाद कार्यकारिणी का गठन होगा।
उन्होंने बताया कि इस बारे कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल से बात कर ली गई है। इसके अलावा जो बड़े ब्लॉक या विधानसभा क्षेत्र हैं, वहां पर पार्टी संगठन का बेहतर संचालन के लिए दो ब्लॉक अध्यक्ष तैनात किए जाएंगे। इसके लिए उन्हें हाईकमान से मंजूरी लेनी पड़ेगी। अपनी ही सरकार में पार्टी कार्यकर्ताओं की अनदेखी के सवाल पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि मैं सरकार से यही मांग कर रही हूं पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की सरकार में एडजस्टमेंट की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मंडी जिला के दस हलकों में से एकमात्र एपीएमसी का ही अध्यक्ष बनाया गया है। जबकि व्यापार मंडल के लोगों की बात भी सुनी जा सकती है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि जब प्रदेश में पार्टी की सरकार बनती है तो अपनी सरकार से कार्यकर्ताओं को उम्मीदें होती है। सरकार में भागीदारी से कार्यकर्ताओं का मान सम्मान बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि मंडी जिला कांग्रेस पार्टी का गढ़ रहा है, मगर विगत दो चुनावों से लगातार मंडी में कांग्रेस पिछड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि मंडी से सरकार को तालमेल बिठाना पड़ेगा, उन्होंने कहा कि पार्टी में अनुशासन जरूरी है, जिसे भी जिम्मेदारी मिले वह इसे ईमानदारी से निभाए।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि सरकार सभी की है ऐसे में आर्थिक संकट की बात करना गलत है, इससे प्रदेश की छवि खराब होती है और गलत संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति का विशेष रूप से हवाला देकर कहा था। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के बाद वे हर विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया जाएगा और संगठन को चुस्त-दुरूस्त किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं पूर्व जिला अध्यक्ष प्रकाश चौधरी, पूर्व विधायक सुरेंद्र पाल ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष मिल्कफैड चेतराम ठाकुर, जिला परिषद सदस्य चंपा ठाकुर आदि मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा
