Uttar Pradesh

देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण व स्वावलंबन की प्रकाश पुंज : पंकज सिंह

सम्बोधित करते पंकज सिंह

–ऑपरेशन सिंदूर की नारी शक्ति को जातिवाद से जोड़ना विपक्ष की ओछी मानसिकता का उदाहरण : पंकज सिंह–महापौर ने 31 मई को देवी अहिल्याबाई होल्कर की भव्य प्रतिमा लगाने का किया एलान प्रयागराज, 22 मई (Udaipur Kiran) । देवी अहिल्याबाई होल्कर त्रिशताब्दी स्मृति अभियान के अंतर्गत गुरुवार को “देवी अहिल्याबाई का जीवन दर्शन एवं भारतीय संस्कृति में उनका योगदान“ विषय पर जिला पंचायत सभागार में गोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नोएडा विधायक पंकज सिंह ने कहा कि आज जो स्वरूप हम अपने देश का देख रहे हैं, उसमें देवी अहिल्याबाई का महत्वपूर्ण योगदान है। उनका पूरा जीवन शौर्य, सादगी, समर्पण, संयम से भरा था। देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण स्वावलंबन की प्रकाश पुंज हैं।

मुख्य अतिथि ने कहा कि ससुर, पति और पुत्र की मृत्यु के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और शौर्य के साथ आक्रांताओं से मुकाबला किया। कुशल प्रशासक के रूप में उन्होंने काम किया। वे न्यायप्रिय थीं। भाव और वात्सल्य के साथ वे शासन करती थीं तो न्याय के लिए कठोर निर्णय भी लेती थीं। वह शिव की अनन्य भक्त थीं। महिला सशक्तिकरण स्वावलंबन के लिए उन्होंने कई उल्लेखनीय कार्य किए। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु उन्होंने कई तरह के व्यापारिक कार्यों की शुरुआत करवाई। उनका चरित्र महान और सुंदर था इसलिए उन्हें पुण्यश्लोका की उपाधि दी गई।

पंकज सिंह ने आगे कहा कि विश्व के हर क्षेत्र में भारत की महिलाएं अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। ऑपरेशन सिंदूर में मातृ की शक्ति दुनिया ने देखी। सेना की वर्दी धारण करने के बाद सिर्फ एक जाति धर्म होता है वो है देश। लेकिन सपा, बसपा, कांग्रेस जिनकी उत्पत्ति ही जातिवाद पर हुई वे जातिवाद का विषय उठाकर अपनी ओछी मानसिकता का परिचय दे रहे हैं। ब्रह्मोस मिसाइल ने रात के अंधेरे में दिन का उजाला दिखाने का काम किया है और लखनऊ में अब ब्रह्मोस मिसाइल बनने जा रही है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि देवी अहिल्याबाई के जीवन से आज की पीढ़ी को परिचित कराएं।

पंकज सिंह ने चुनाव तैयारियों को लेकर सवाल के जवाब में कहा कि 2027 को लेकर पार्टी तैयार है। विपक्ष का काम है दावा करना, लेकिन जनता विपक्ष का असली चेहरा देख चुकी है। वाराणसी में लूटकांड के अपराधियों के इनकाउंटर पर विपक्ष द्वारा सवाल उठाने पर पंकज सिंह ने कहा कि अपराधी आतंकवादियों पर जब जब कार्रवाई होती है सपा, बसपा उठ खड़े होते हैं। लेकिन इतना तय है कि भाजपा सरकार में जो अपराध करेगा वो बच नहीं पाएगा।

इस अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि देवी अहिल्याबाई का जीवन हमेशा प्रेरणादायक रहेगा। 31 मई को दारागंज में दशाश्वमेध घाट के पास देवी अहिल्याबाई होल्कर की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण किया जाएगा। देवी अहिल्याबाई होल्कर नारी सशक्तिकरण का उदाहरण हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि अहिल्याबाई मातृ शक्ति के रूप में युगों तक प्रेरणा का आधार बनी रहेंगी। भाजपा सिर्फ राजनीति ही नहीं अपितु समाज व राष्ट्र प्रथम के अपने सिद्धांत पर चलने वाली पार्टी है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ शैलेश पांडेय एवं धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम संयोजिका शिखा खन्ना ने दिया। कार्यक्रम की जिला संयोजक वंदना सिंह रहीं। इस अवसर पर फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल, पूर्व सांसद केशरी देवी पटेल, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीके सिंह, नीरज त्रिपाठी, डॉ श्याम प्रकाश द्विवेदी, संजय राजन, आकांक्षा सोनकर, शिखा रस्तोगी, अरुण पटेल, राजेश केसरवानी, विवेक मिश्रा, विजय पटेल, विजय श्रीवास्तव, सुजीत कुशवाहा, अजय सिंह, गोपाल श्रीवास्तव, दीप द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top