रांची 11 मई (Udaipur Kiran) । आंतकी संगठन आईएसआईएस, अलकायदा और तालिबान के समर्थन में सोशल मीडिया ‘इंस्टाग्राम’ पर पोस्ट करने वाले एक नाबालिग को रांची की पुदांग ओपी पुलिस ने रविवार को गिरफ़्तार किया है। युवक को पुलिस ने पूछताछ के बाद बाल सुधार गृह भेज दिया है।
डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा को मामले की जानकारी मिलते ही पुदांग ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर स्क्रीन शॉट, वीडियो और मोबाईल फोन बरामद किया गया है। साथ ही नाबालिग को निरुद्ध किया गया। इस संबंध में ओपी प्रभारी के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। इस तरह के पोस्ट से क्षेत्र का सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने सहित अन्य आरोप में उसे निरुद्ध किया गया है।
विधायक ने कार्रवाई करने पर रांची पुलिस को दिया धन्यवाद
रांची के भारतीय जनता पार्टी विधायक सीपी सिंह ने इस कार्रवाई के लिए पुलिस को धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि रांची पुलिस ने इस मामले में त्वरित और ठोस कानूनी कार्रवाई कर एक मजबूत संदेश दिया है।
दरअसल, सीपी सिंह ने ही अपने एक्स हैंडल पर लिखा था कि रांची निवासी एक युवक ने सोशल मीडिया पर जो तस्वीरें साझा की हैं, वे बेहद भड़काऊ एवं राष्ट्रीय सुरक्षा व भारत की संप्रभुता से जुड़ा है। यह न केवल खुला राष्ट्रद्रोह है, बल्कि एक आतंकवादी मानसिकता का स्पष्ट संकेत भी है। यह मामला केवल एक युवक का नहीं, बल्कि उस जहरीली विचारधारा को दर्शाता है जो कुछ युवाओं के मन में भरी जा रही है। समय है कि इस युवक को तुरंत गिरफ्तार कर पूरी गहराई से जांच हो, कहीं यह किसी बड़े आतंकी नेटवर्क से तो नहीं जुड़ा हुआ है? ऐसी सोच, ऐसे इरादे और ऐसे लोगों को अगर आज सबक नहीं सिखाया गया, तो कल यह बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। देश को बचाना है, तो कठोर कदम अभी उठाने होंगे।
जैसे ही रांची पुलिस को मामले की जानकारी मिली इस पर त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस ने उसे ढूंढ़ कर गिरफ्तार कर लिया गया। रांची पुलिस के द्वारा सीपी सिंह को एक्स पर यह जानकारी भी दी गई है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
—————
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे
