
जयपुर, 23 मार्च (Udaipur Kiran) । राजस्थान में मौसम में बदलाव जारी है। उत्तरी हवा के असर से देर रात अधिकांश शहरों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, अगले एक सप्ताह तक प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा, जिससे तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
बीते 24 घंटे के दौरान राजस्थान में मौसम शुष्क रहा और अधिकतर इलाकों में तेज धूप देखने को मिली। शनिवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा डूंगरपुर में 36.8, नागौर में 36.2, सिरोही में 36.4, जैसलमेर में 38.5, जोधपुर में 37, चित्तौड़गढ़ में 36.7 और कोटा में 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
जयपुर में शनिवार को सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस की गई। दिनभर आसमान साफ रहा और हल्की हवा चलती रही। यहां अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर के आसपास के जिलों—सीकर और दौसा में भी सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी रही। सीकर में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश में उत्तर-पूर्वी हवा का असर रहेगा, जिससे तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा और आसमान साफ रहेगा। इस दौरान अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
—————
(Udaipur Kiran) / राजेश
