Madhya Pradesh

ग्वालियर: संभाग में अगले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना

ग्वालियर, 05 सितम्बर (Udaipur Kiran) । बंगाल की खाड़ी में विकसित हुई नई मौसम प्रणाली के प्रभाव से गुरुवार को शहर में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान ग्वालियर एवं चंबल संभाग में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

ग्वालियर शहर में बुधवार शाम को हुई बूंदाबांदी के बाद गुरुवार को भी सुबह से घने बादल छाए रहे। दोपहर दो से ढाई बजे के आसपास हल्की बारिश हुई। इस दौरान शहर में 1.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। एक जून से अब तक शहर में कुल 788.9 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। मौसम में बदलाव के चलते पिछले दिन की तुलना में आज अधिकतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान भी 0.6 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 25.9 डिग्री सेल्सियस पर रहा। यह भी सामान्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 92 प्रतिशत दर्ज की गई जो सामान्य से 10 प्रतिशत अधिक है जबकि शाम को हवा में नमी 87 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी सामान्य से 16 प्रतिशत अधिक है।

मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के अनुसार इस समय उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून रेखा सूरतगढ़, रोहतक, उरई, मंडला से होते हुए उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के केन्द्र तक विस्तृत है। पश्चिमोत्तर उत्तर प्रदेश में एक चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। ग्वालियर एवं चंबल संभाग में इन मौसम प्रणालियों आंशिक असर है। ऐसे में यहां फिलहाल बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है लेकिन तेज बारिश की उम्मीद कम है।

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा

Most Popular

To Top