West Bengal

डीजे बंद करवाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, 12 पुलिसकर्मी घायल

डीजे बंद करवाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, 12 पुलिसकर्मी घायल

हुगली, 22 मई (Udaipur Kiran) । हुगली जिले के डानकुनी में बुधवार को डीजे बंद करवाने पहुंची पुलिस टीम पर अराजक तत्वों ने हमला कर दिया। इस हमले में तीन महिला पुलिसकर्मियों सहित कुल दर्जन भर पुलिसवाले घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को डानकुनी में काली पूजा विसर्जन चल रहा था। इस दौरान वहां डीजे तेज आवाज में बज रहा था। जब पुलिस ने इसे रोकने की कोशिश की तो जवाब में पुलिस पर हमला किया गया। आरोप है कि इस दौरान पुलिस पर पत्थरबाजी हुई। इस घटना में तीन महिला पुलिसकर्मियों सहित 12 पुलिसकर्मी घायल हो गये। एक की हालत गंभीर है। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। गुरुवार को पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

डानकुनी के मोनाब मठ में वार्षिक काली पूजा मनाई गई थी। विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बज रहा था। पुलिस जब डीजे बंद कराने गई तो पुलिस के साथ स्थानीय लोगों की कहासुनी शुरू हो गई। स्थानीय लोगों ने विरोध स्वरूप सड़क जाम कर दी। आरोप है कि जब पुलिस ने अवरोध हटाने की कोशिश की तो उन पर पत्थरबाजी शुरू हो गई। जब स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई तो पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए लाठीचार्ज किया। इस मामले में गुरुवार सुबह तक कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Most Popular

To Top