CRIME

झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस पर पथराव, पुलिसकर्मी घायल

प्रतीकात्मक

फिरोजाबाद, 26 मई (Udaipur Kiran) । थाना अरांव क्षेत्र अन्तर्गत गांव भारौल में रविवार देर रात झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस पर एक शराबी युवक ने पथराव कर दिया। पथराव में घायल पुलिसकर्मी को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

अपर पुलिस अधीक्षक देहात त्रिगुन बिसेन ने बताया कि थाना अराव क्षेत्र के गांव भारौल में एक झगड़े की सूचना कंट्रोल रूम के जरिए प्राप्त हुई थी। सूचना पर डायल 112 पीआरबी मौके पर गई थी। विवाद एक ही परिवार के लोगों के बीच हो रहा था। पुलिस ने जब विवाद को शांत कराने की कोशिश की तो बबलू नामक युवक जो कि नशे में बताया जा रहा है ने छत पर चढ़कर पथराव करने लगा। जिससे भगदड़ मच गई। इस दौरान पत्थर हेड कांस्टेबल विकास कुमार को लग गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन फानन में पुलिसकर्मी विकास को उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा गया। जहां पर उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

एएसपी ने बताया कि पथराव के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद कई अन्य थानों की पुलिस और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे थे।जिन्होंने घटना के बारे में छानबीन की है। आरोपी बबलू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

(Udaipur Kiran) / कौशल राठौड़

Most Popular

To Top