

कानपुर, 21 मार्च (Udaipur Kiran) । कमिश्नरेट चकेरी पुलिस ने बाइक और कार सवारों के साथ लूटपाट करने वाले लुटेरे गिरोह के सरगना विश्वजीत उर्फ बीडी को शुक्रवार सुबह मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसके अन्य साथियों के खिलाफ तीन महीने पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि पिछले साल दिसंबर महीने में इस गिरोह ने दो कार और एक बाइक सवार को अपना शिकार बनाते हुए उनकी गाड़ियां लूट ली थीं। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों आर्यन, शुभम व आकाश को पहले ही जेल भेज चुकी है लेकिन गिरोह का सरगना पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरारी काट रहा था।
शुक्रवार सुबह पुलिस को शातिर की लोकेशन चकेरी में मिली। इसके बाद पुलिस ने सनिगवां चौकी इलाके के अलकनंदा कॉलोनी रेलवे अंडर पास के निकट पहले से ही मौजूद शातिर को आत्मसमर्पण के लिए कहा। उसने पुलिस पर ही फायर कर दिया। आत्मरक्षार्थ में की गई पुलिस फायरिंग में शातिर के पैर पर गोली लगी। वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए रामादेवी स्थित मान्यवर कांशीराम ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में घायल शातिर अपराधी साहिल ठाकुर गैंग का सक्रिय सदस्य भी है। अब उसे न्यायलय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया जाएगा।
(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप
