
नई दिल्ली, 30 मार्च (Udaipur Kiran) । पूर्वी जिला पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रह रहीं दो बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान आतिफा (24) और असमा (24) के रूप में हुई है। दोनों अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थीं। पूछताछ के बाद दोनों को डिटेंशन सेंटर भेजकर एफआरआरओ को खबर दे दी गई है। इनके डिपोर्ट की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पूर्वी जिले के डीसीपी अभिषेक धानिया ने रविवार को बताया कि 19 नवंबर 2024 से चल रहे अभियान के तहत पूर्वी जिला की टीम अब तक 9 बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान कर उनको डिपोर्ट करवा चुकी है।
डीसीपी के अनुसार उनकी टीम लगातार बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए अभियान चला रही है। इसी क्रम में जांच करते हुए पुलिस ने दोनों बांग्लादेशी महिलाओं को पकड़ा है। दोनों भारत की पहचान बनाकर विदेश भागने की फिराक में थीं।
पुलिस के मुताबिक आतिफा ढाका, बांग्लादेश के रहने वाली है और अविवाहित है। वहीं असमा भी ढाका की रहनी वाली है। वह शादीशुदा है। पुलिस इनसे पूछताछ कर पता कर रही है कि यह लोग कब से भारत में रह रहे थे। इसके अलावा किसकी मदद से यह लोग भारत में आए। वहीं पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अभी तक की जांच में पता चला है कि दोनों पश्चिम बंगाल से भारत में दाखिल हुईं। इसके बाद ट्रेन से दिल्ली आईं।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी
