Haryana

गुरुग्राम: कांग्रेस के नेतृत्व में खुशहाल हरियाणा का निर्माण करेगी जनता: सचिन पायलट

फोटो नंबर-03: गुरुग्राम के बादशाहपुर में कांग्रेस प्रत्याशी का चुनाव प्रचार करने पहुंचे सचिन पायलट का स्वागत करते प्रत्याशी व कार्यकर्ता।

-बादशाहपुर से कांग्रेस प्रत्याशी वर्धन यादव को भारी मतों से विजयी बनाने की भी करी अपील

-दीवान पैलेस बादशाहपुर में जनसभा में पहुंचे सचिन पायलट

गुरुग्राम, 1 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । राजस्थान के पूर्व उप-मुख्यमंत्री एवं टोंक विधानसभा से विधायक सचिन पायलट ने कहा कि हरियाणा में 5 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। इस दिन हरियाणा में कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में प्रदेश की जनता खुशहाल हरियाणा का निर्माण करेगी।

इसके बाद जनता के समर्थन का 8 को ऐतिहासिक फैसला कांग्रेस के पक्ष में आएगा। भाजपा के कुशासन का अंत हो जाएगा। इस जनसभा में कांग्रेस के यूथ कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.वी. श्रीनिवास भी पहुंचे।

सचिन पायलट यहां बादशाहपुर से कांग्रेस प्रत्याशी वर्धन यादव के समर्थन में बादशाहपुर के दीवान पैलेस में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बादशाहपुर की सरदारी को हाथ जोडक़र नमन किया। युवाओं को देश की ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि युवा देश में बदलाव ला सकते हैं।

हमारा देश युवाओं का देश है। हमें हर स्तर पर परिवर्तन लाने के लिए जागरुक भी होना चाहिए और अग्रणी भी रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में देश-प्रदेश से खुशहाली गायब हो गई है। भाजपा ने देश की जनता को उलझा कर रखा है।

राजस्थान के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि जहां-जहां भी भाजपा की सरकारें हैं, वहीं पर जनता का शोषण हो रहा है।

बी.वी. श्रीनिवास ने कहा कि भाजपा के सर्वे में ही भाजपा हार रही है। कांग्रेस की जीत तय हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में आम, गरीब आदमी को राहत देने की घोषणाएं की हैं। उन घोषणाओं को कांग्रेस सरकार बनने पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश, प्रदेश को गर्त में धकेला। अब हरियाणा की जनता भाजपा को सबक सिखाएगी।

(Udaipur Kiran) हरियाणा

Most Popular

To Top