
हुगली, 8 जून (Udaipur Kiran) । बांसबेड़िया के पंचनंतला इलाके में ईश्वरगुप्ता सेतु के नीचे शनिवार को गंगा नदी में मगरमच्छ देखा गया था। रविवार को वन विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग ने वहां जाकर मगरमच्छ की तलाश शुरू कर की। गंगा नदी में मगरमच्छों होने के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए माइकिंग अभियान शुरू किया गया।
दरअसल, बांसबेड़िया नगरपालिका चुंचुड़ा नगरपालिका से सटी हुई है। यहां कई गंगा घाट हैं। उन घाटों पर कई लोग स्नान करने आते हैं। इसके अलावा, कई लोग प्रतिदिन गंगा जल लेने के लिए घाटों पर आते हैं। इसके अलावा, विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों, पूजा आदि के लिए आसपास भीड़ होती है। माइकिंग के माध्यम से या सुनिश्चित किया गया कि कोई लापरवाह व्यक्ति मगरमच्छ की चपेट में ना आ जाए।
रविवार सुबह से ही चुंचुड़ा नगर पालिका के स्वास्थ्य विभाग के सीआईसी जयदेव अधिकारी चुंचुड़ा मयूरपंखी घाट पर माइकिंग के जरिए प्रचार करते नजर आए। उन्होंने कहा कि गंगा में मगरमच्छ देखे गए हैं। बहुत से लोगों को इसकी जानकारी नहीं है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है ताकि कोई भी गंगा में न जाए।
वहीं, सुबह चुंचुड़ा नगर पालिका के चेयरमैन आदित्य नियोगी और वन विभाग के अधिकारियों ने ईश्वर गुप्ता सेतु के पास गंगा के किनारे के क्षेत्र का दौरा किया। जिला वन अधिकारी तपस देव उस स्थान पर पहुंचे जहां मगरमच्छ देखा गया था और स्थानीय लोगों से बात की उन्होंने नाव लेकर गंगा में निकले मछुआरों को चेताया। गंगा में मगरमच्छ या घड़ियाल जैसा कुछ दिखे तो तुरंत अधिकारियों को फोन कर सूचना दें।
इस संदर्भ में बांसबेड़िया नगर पालिका पार्षद देवाशीष साधुखान ने बताया कि वन विभाग के अधिकारियों ने नगर पालिका के चेयरमैन से आकर बात की है। क्षेत्र के लोगों को गंगा में न जाने की चेतावनी दी जा रही है। इसके लिए माइकिंग कराई जा रही है। नाविकों को भी सचेत किया गया है। सभी को फोन नंबर दिए गए हैं। गंगा में ऐसे जानवर दिखे तो फोन कर सूचना दें। नगर पालिका चेयरमैन आदित्य नियोगी ने बताया कि खबर मिलते ही उपजिला मजिस्ट्रेट को सूचना दी गई। उन्होंने वन विभाग को भी सूचना दी। एसडीओ के निर्देश पर सुबह से ही माइकिंग कराई जा रही है। चुंचुड़ा और मोगरा दोनों थानों के अधिकारियों से बात की गई है। हर घाट पर पुलिस तैनात की गई है, ताकि कोई गंगा में स्नान करने न जाए। अगर किसी को कुछ दिखाई देता है तो नंबर दिया गया है। आपदा प्रतिक्रिया दल के कार्यकर्ता भी स्पीडबोर्ड से गंगा में मगरमच्छ की खोज कर रहे हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय
