Haryana

फरीदाबाद में डंपिंग यार्ड के विरोध में सडक़ों पर उतरे लोग

फरीदाबाद में विरोध करती महिलाएं।

फरीदाबाद, 19 मार्च (Udaipur Kiran) । सेक्टर 56 में स्थित डंपिंग यार्ड को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध जारी है। पिछले एक साल से लोग इस डंपिंग यार्ड को हटाने की मांग कर रहे हैं। लोग आज सडक़ों पर उतर गए और विरोध जताया। उन्होंने बताया कि नगर निगम चुनाव से पहले स्थानीय लोग केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर से मिले थे। मंत्री ने नगर निगम कमिश्नर ए मोना श्रीनिवास से स्पीकर पर बात की। कमिश्नर ने डंपिंग यार्ड हटाने का आश्वासन दिया था। कृष्णपाल गुर्जर ने लोगों से ट्रिपल इंजन सरकार बनाने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा था कि इसके बाद डंपिंग यार्ड हटा दिया जाएगा। लोगों ने भाजपा को जिताया। मेयर और वार्ड नंबर 2 से पार्षद दोनों भाजपा के हैं। कल भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कचरे से भरे ट्रकों को डंपिंग यार्ड तक पहुंचाया गया। लोगों ने विरोध किया, लेकिन संख्या कम होने के कारण प्रदर्शन नहीं कर पाए। आज बड़ी संख्या में लोग सडक़ों पर उतरे और ट्रकों की आवाजाही को रोकने की चेतावनी दी। इस चेतावनी के बाद आज भी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा बुझाकर सडक़ पर लगे जाम को तो खुलवा दिया, लेकिन स्थानीय लोग अपनी मांग पर अड़े रहे। जिन्होंने कहा कि नगर निगम कमिश्नर मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के आदेश की अवहेलना कर रही है। इसी के चलते और उनकी जिद की वजह से इलाके से डंपिंग यार्ड को नहीं हटाया जा रहा। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस डंपिंग यार्ड से आने वाली बदबू के चलते वह अपने बच्चों के साथ घरों में कैद रहने को मजबूर है, जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी, वैसे-वैसे इस डंपिंग यार्ड से निकलने वाली बदबू से बीमारियां बढ़ेगी। राजवीर, सुखदेव, प्रहलाद आदि लोगों ने बताया कि नगर निगम कमिश्नर सेक्टर 56 के इलाके में रहने वाले लोगों को जानवरों से भी बदतर समझ रही है, क्योंकि बंधवाड़ी से डंपिंग यार्ड को हटाया जा रहा है, ताकि वहां पर जीव जंतु सुरक्षित रह सके। यहां के लोगों को जीव जंतुओं से भी बदतर समझा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी, कि चाहे उन्हें कुछ भी करना पड़े। पुलिस की लाठी खानी पड़े, भले गोली खानी पड़े, दिन-रात यहां बैठना पड़े वह बैठेंगे लेकिन जब तक डंपिंग यार्ड यहां से नहीं हटाया जाता तब तक उनका यह प्रदर्शन जारी रहेगा।

(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर

Most Popular

To Top