Jammu & Kashmir

जम्मू कश्मीर में लोग भाजपा के साथ आने के लिए बड़ी संख्या में आगे आ रहे हैं- सत शर्मा

जम्मू 18 फरवरी (Udaipur Kiran) । पूरे कश्मीर में भाजपा के पक्ष में लहर है जो जमीनी स्तर पर भी दिखाई दे रही है क्योंकि हर गुजरते दिन के साथ अधिक से अधिक लोग पार्टी में शामिल हो रहे हैं। यहां तक कि हमारे पुराने कार्यकर्ता जो पहले पार्टी छोड़ चुके थे वे भी वापस आ रहे हैं। यह बात जम्मू-कश्मीर भाजपा के अध्यक्ष सत शर्मा ने कश्मीर के प्रमुख राजनीतिक और राष्ट्रवादी कार्यकर्ता फारूक गंदेरबली का पार्टी में स्वागत करते हुए कही।

भाजपा महासचिव अशोक कौल, पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता, पार्टी विधायक युद्धवीर सेठी और अरविंद गुप्ता, तिलक राज गुप्ता, एनईएम प्रिया सेठी, वरिष्ठ नेता मुश्ताक नूराबादी और अवतार कृष्ण भट्ट भी गंदेरबली का स्वागत करने के लिए सत शर्मा के साथ मौजूद थे।

इस अवसर पर सत शर्मा ने कहा कि फारूक गंदेरबली 1998 से 2003 तक भाजपा के कश्मीर भाजयुमो अध्यक्ष रहे। इसके बाद उन्होंने 2008 में गंदेरबली से उमर अब्दुल्ला के खिलाफ स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ा। 20 साल बाद उनका भाजपा में शामिल होना कश्मीर में पार्टी के लिए समर्थन की नई लहर का संकेत है जो क्षेत्र में विकास, स्थिरता और शांति के पार्टी के दृष्टिकोण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। सत ने आगे कहा कि उनकी भाजपा में वापसी ऐसे समय में हुई है जब कश्मीर में बड़ी संख्या में लोग पार्टी के साथ जुड़ने के लिए आगे आ रहे हैं जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और जम्मू.कश्मीर के लिए पार्टी की नीतियों में उनके विश्वास का संकेत है। अन्य कार्यक्रमों में सत शर्मा ने अन्य नेताओं के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा तैयार करने वाले प्रसिद्ध डोगरा मूर्तिकार रविंदर सिंह जामवाल को सम्मानित किया। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर कुलभूषण मोहत्रा का भी अभिनंदन किया।

पार्टी विस्तारक अशोक कुमार को भी उनकी तरह गर्मजोशी से विदाई दी गई। संगठन की सेवा के लिए आंध्र प्रदेश में प्रतिनियुक्त किया गया। इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख लोगों में प्रेम गुप्ता, विद्या मोटन, नरेश सिंह, राजेश गुप्ता शामिल थे।

(Udaipur Kiran) / मोनिका रानी

Most Popular

To Top