Chhattisgarh

22 जुलाई से शुरू होगी निगम कर्मियों की कलमबद्ध हड़ताल

नगर निगम कार्यालय धमतरी।

धमतरी , 20 जुलाई (Udaipur Kiran) । दो माह से वेतन नहीं मिलने से निगम कर्मचारियों का इन दिनों शहर में चरणबद्ध आंदोलन चल रहा है। इसके तहत 22 जुलाई से निगमकर्मियों द्वारा कलमबद्ध हड़ताल किया जाएगा। इससे निगम के कार्यालयीन कार्य प्रभावित होंगे।

दो माह से वेतन नहीं मिलने से लेकर स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ ने मोर्चा खोल दिया है। निगम कर्मचारी चरणबध्द आंदोलन कर रहे हैं। इसके तहत 18 जुलाई व 19 जुलाई को संघ के सदस्यों ने काली पट्टी लगाकर काम किया। यहां कार्यरत 210 नियमित, एवं 154 प्लेसमेंट कर्मियों को दो माह से वेतन नहीं मिला है।

स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ प्रदेश अध्यक्ष मो शेरखान एवं निगम अध्यक्ष तरुण गजेन्द्र ने बताया कि, वेतन नहीं मिलने से परिवार का भरण पोषण में दिक्कत आ रही है। कुछ कर्मचारी किराये के मकान में रहते हैं। दो माह तक किराया नहीं देने पर मकान मालिक घर खाली करने कह रहे हैं। कर्मचारियों की पीड़ा को देखकर छत्तीसगढ़ स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है। संघ द्वारा चरणबध्द तरीके से प्रदर्शन किया जा रहा है। 22 को कलमबंद हड़ताल एवं 29 को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा। मांग पूरी नहीं होने पर आगे प्रदर्शन किया जाएगा। मालूम हो कि नगर निगम के सफाई कर्मचारियों काे भी दो माह से वेतन नहीं मिल पाया है। इस अवसर पर सचिव मंगलूराम निर्मलकर, अविनाश मारोठे, नमिता नागवंशी, संरक्षक ओमप्रकाश शर्मा, नरेन्द्र साहू, खिलेश्वर, दिनेश शर्मा, कामता प्रसाद नागेन्द्र, इसहाक खान, नितिन बनवासी, छबि प्रजापति, कामता चौबे, संजय गुप्ता, प्रमेश पेंदरिया सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा / गायत्री प्रसाद धीवर

Most Popular

To Top