Haryana

फरीदाबाद : घर में आग से माता-पिता व बच्ची झुलसी

आग में झुलसे परिवार का अस्पताल में चल रहा इलाज।

फरीदाबाद, 13 अप्रैल (Udaipur Kiran) । केली गांव में शनिवार रात घर में सिलेंडर से गैस लीक और शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग में पति-पत्नी और एक नौ साल की बच्ची झुलस गई। घायलों को सिविल अस्पताल ले जाया गया। जिसके बाद उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया गया। घायलों का इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात एक घर में रखे एलपीजी सिलेंडर में आग लग गई। इस हादसे में इकबाल, उनकी पत्नी राशिदा और नौ वर्षीय बेटी शायदा झुलस गए। घटना के बाद तीनों को पहले बादशाह खान सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में परिजनों ने तीनों को फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। पीड़ित इकबाल के भाई इस्माइल ने बताया कि वह घर से कुछ दूर रहते हैं। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सिलेंडर से गैस लीक हो रही थी। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। घटना के समय घर का गेट अंदर से बंद था।

(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर

Most Popular

To Top