
धौलपुर, 20 मई (Udaipur Kiran) । सेना का सम्मान,याद रखेगा हिंदुस्तान। भारत माता की जय। हिंदुस्तान जिंदाबाद। वंदे मातरम। और देश के अमर शहीदों की जय। मंगलवार शाम को धौलपुर शहर की फिजां में लोगों का सेवा के प्रति सम्मान और देशभक्ति के इन्ही नारों का जय घोष गूंजता रहा। मौका था देश की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर भारतीय सेना के शौर्य और साहस के सम्मान में आयोजित तिरंगा यात्रा का। सर्व समाज तथा संगठनों के तत्वावधान में धौलपुर में मंगलवार शाम तिरंगा यात्रा निकाली गई।
धौलपुर के प्राचीन गंगाबाई की बगीची स्थित मंदिर से तिरंगा यात्रा का आगाज़ हुआ। यहां से हॉस्पिटल रोड,जगन तिराहा, सराय गजरा, पुराना डाकखाना, लाल बाजार, चूड़ी मार्केट होते हुए तिरंगा यात्रा पुरानी सब्जी मंडी स्थित शहीद स्मारक पहुंची। तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने भारतीय सेवा के शौर्य और सम्मान में नारे लगाए और सेना तथा सरकार के आतंकवाद के विरोध में चलाए जा रहे हर अभियान और हर कदम में साथ देने का संकल्प जताया।
शहीद स्मारक पर तिरंगा यात्रा के संभागियों को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष सत्येंद्र पाराशर ने कहा कि सेना के शौर्य एवं वीरता पर समूचे देश को गर्व है। भारत में अब आतंकवाद किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा। आतंकवाद के विरुद्ध केंद्र सरकार के हर कदम में देश की जनता मोदी जी के ऐतिहासिक फैसले के साथ है। भाजपा नेता डा. शिवचरण सिंह कुशवाहा ने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई का यही सही समय है, जिससे आतंकवाद का समूल नाश किया जा सके। आवश्यकता पड़ने पर हम जान की बाजी भी लगा देंगे। बसेडी के पूर्व विधायक सुखराम कोली ने कहा कि सेना ने आपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान को करारा जबाब दिया है। इससे देश को अपनी सेना पर नाज है। कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व मंत्री जगमोहन बघेल, संत हनुमान दास महाराज, भाजपा के संभाग प्रभारी हेमराज मीणा, जिला प्रभारी रामस्वरूप कोली, बजरंग दल के जिला संयोजक राम शर्मा, शहर काजी मतीन खान गौरी, पूर्व जिला प्रमुख रामवती देवी,पूर्व विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा एवं रविन्द्र सिंह बोहरा, संयोजक मुकेश शर्मा, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष बांकेलाल लोधा,पूर्व चेयरमैन राजीव रस्तोगी, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य विशंभर दयाल शर्मा,भाजपा उपाध्यक्ष धीर सिंह जादौन,जिला मंत्री विजय त्यागी एवं हरेन्द्र राव, भाजपा मोर्चा की जिला संयोजिका कल्पना शर्मा,भाजपा नेता मुश्ताक कुरैशी एवं मीडिया प्रभारी राजू गुर्जर सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी,पूर्व सैनिक,आरएसएस तथा विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / प्रदीप
