RAJASTHAN

बेडच नदी से आबादी में पहुंचे मगरमच्छ से दहशत, 20 मिनिट में किया रेस्क्यू

चित्तौड़गढ़ शहर के वार्ड 14 में गुरुवार रात को नदी से निकल कर पहुंचा मगरमच्छ।

चित्तौड़गढ़, 13 सितंबर (Udaipur Kiran) । शहर के द्वारिका नगर में नदी से निकल कर पहुंचे मगरमच्छ से क्षेत्र के लोग दहशत में आ गए। तत्काल क्षेत्र की जानकारी वन विभाग के साथ ही नगर परिषद के अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने करीब 20 मिनिट की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। इसे अब बस्सी बांध में छोड़ा जाएगा। मगरमच्छ के रेस्क्यू होने से सभी ने राहत की सांस ली है।

चित्तौड़गढ़ नगर परिषद के वार्ड संख्या 14 में आने वाले द्वारिका नगर में गुरुवार रात को मगरमच्छ दिखाई दिया था। द्वारिका नगर से करीब 300 मीटर दूर ही बेडच नदी बह रही है। बरसात में यह मगरमच्छ घोसुंडा बांध की तरह से बह कर आया हो। खेतों में होते हुए आबादी के बीच में पहुंच गया। क्षेत्र के लोगों ने मगरमच्छ देखा तो दहशत में आ गए। एक युवती ने इसकी सूचना वार्ड 14 के पार्षद शांतिलाल जाट को दी। इस पर पार्षद ने पहले नगर परिषद आयुक्त को सूचना दी। इनसे नम्बर लेकर उप वन संरक्षक को अवगत करवाया। इस पर थोड़ी ही देर में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम पहुंची तब भी मगरमच्छ झाड़ियों में ही मुंह खोल के बैठा हुआ था। यह मगरमच्छ वयस्क होकर करीब सात से आठ फीट लम्बा था। वन विभाग की टीम ने 20 मिनिट की मशक्कत के बाद गुरुवार रात करीब 11 बजे मगरमच्छ को पकड़ लिया। इसे वाहन में डालकर वन विभाग कार्यालय लेकर आए, जिसे शुक्रवार को बस्सी सेंचुरी में छोड़ा जाएगा।

आंखों पर डाली बाइक से रोशनी, रखी नजर

वार्ड पार्षद शांतिलाल ने बताया कि सूचना मिलते ही वह मौके पर आ गया। यहां वार्ड के युवक इस पर नजर रखे हुवे थे। अंधेरे में मगरमच्छ कहीं झाड़ियों में या आबादी में नहीं जाए, इसके लिए ध्यान रखा गया। इसकी आंखों पर बाइक की रोशनी लगातार डालते रहे। टीम को आने में 25 से 30 मिनिट लग गए। तब तक क्षेत्र के लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई थी।

—————

(Udaipur Kiran) / अखिल

Most Popular

To Top