RAJASTHAN

अजमेर में पंचकल्याणक महोत्सव:उप मुख्यमंत्री बैरवा एवं विधायक भदेल ने लिया महाराज का आशीर्वाद

अजमेर में पंचकल्याणक महोत्सव:उप मुख्यमंत्री बैरवा एवं विधायक भदेल ने लिया महाराज का आशीर्वाद

अजमेर, 21 अप्रेल (Udaipur Kiran) । जैसवाल जैन समाज द्वारा निर्मित श्री जिनशासन तीर्थ क्षेत्र अजयनगर अजमेर में रविवार से पंचकल्याणक महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस ऐतिहासिक आध्यात्मिक आयोजन में देशभर से धर्मानुरागी बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं। 41 साधु-साध्वियों के दिव्य सान्निध्य में चल रहे महोत्सव की शुरुआत अत्यंत भव्य और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण रही। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा एवं विधायक अनिता भदेल ने महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।

पंचकल्याणक महोत्सव में सोमवार को आचार्यश्री वसुनंदी महाराज का मंगल प्रवचन हुआ। इसमें उन्होंने तीर्थंकरों के जीवन चरित्र और पंचकल्याणक की महत्ता पर प्रकाश डाला। सौधर्म इन्द्र द्वारा अयोध्या नगरी की प्रदक्षिणा, इन्द्राणी का तीर्थंकर बालक को लाना एवं सौधर्म द्वारा दर्शन की सजीव झांकी प्रस्तुत की गई। इसमें उपस्थित श्रद्धालुओं को आत्मविभोर कर दिया।

इस पुण्य अवसर पर राजस्थान सरकार के उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने आचार्य वसुंनंदी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर जैन धर्म के तप, त्याग और अहिंसा के मूल्यों की सराहना की। डॉ बैरवा ने श्री जिनशासन तीर्थ क्षेत्र के निर्माण और आयोजन को समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत बताया तथा जैसवाल जैन समाज को इस भव्य महोत्सव के आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महाराज श्री के प्रवचनों से जीवन में आध्यात्मिकता की वृद्धि होगी। साथ ही समस्त धर्म प्रेमियों के मन शुद्ध होंगे।

अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल ने आचार्यश्री वसुनंदी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त कर स्वयं को धन्य माना। उन्होंने कहा कि महाराज श्री का आगमन समस्त अजमेर के लिए सौभाग्यशाली होगा। इनके आगमन से इस भूमि की पवित्रता में बढ़ोत्तरी होगी। इस अवसर पर उपमहापौर नीरज जैन, अध्यक्ष रमेश सोनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / संतोष

Most Popular

To Top