
पलवल, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि देश की सबसे बड़ी पंचायत संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान संसद परिसर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा भाजपा सांसदों के साथ धक्का मुक्की करना निंदनीय है। इस तरह की घटनाएं देश को शर्मसार करती हैं और इससे समाज में भी गलत मैसेज जाएगा। इसके लिए नेता प्रतिपक्ष को देश से माफी मांगनी चाहिए।
खेल मंत्री ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास रहा है कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान किया है। लोकसभा चुनाव के दौरान भी कांग्रेस द्वारा संविधान को लेकर गलत बयानबाजी की गई। नेहरू और इंदिरा गांधी ने देश के संविधान के साथ छेड़छाड़ करने का काम किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता भारतीय संविधान के आधार पर चलता है और भाजपा पार्टी संविधान की रक्षा करने का काम करती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में किसानों की फसलों को एमएसपी पर खरीदा गया है। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां किसानों की फसलों को एमएसपी पर खरीदा जा रहा है। गौरव गौतम ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा किसानों और खिलाड़ियों के नाम पर राजनीति करने का काम कर रहे हैं। हरियाणा सरकार किसानों के साथ खड़ी हुई है। भाजपा ने किसानों के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए है। प्रदेश के अन्य राज्यों में भी भाजपा सरकार की नीतियों की सराहना हो रही है। पंजाब में किसानों को प्रताड़ित किया जा रहा है। पंजाब सरकार को इस बारे में संज्ञान लेना चाहिए।
—————
(Udaipur Kiran) / गुरुदत्त गर्ग
