HEADLINES

अटारी बाॅर्डर पर जांच के दौरान पाकिस्तानी नागरिक की हार्ट अटैक से मौत

इमीग्रेशन अधिकारियों ने दस्तावेजों के अभाव में नौ महिलाओं को लौटाया

चंडीगढ़, 30 अप्रैल (Udaipur Kiran) । अटारी-बाघा बार्डर के रास्ते भारत व पाकिस्तानी नागरिकों का अपने देशों की तरफ जाने का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को अटारी बॉर्डर पर दस्तावेजों की जांच के दौरान एक पाकिस्तानी नागरिक की मौत हो गई। पाकिस्तान वापस जाने के लिए कई राज्यों की नौ महिलाओं को दस्तावेजों के अभाव के चलते वापस भेज दिया गया।

बार्डर अधिकारियों के अनुसार मूल रूप से पाकिस्तान निवासी अब्दुल वाहिद कई माह से श्रीनगर में रह रहा था। सेना ने जांच के दौरान उसे पकड़ कर पाकिस्तान के लिए रवाना किया था। बुधवार को अब्दुल वाहिद अटारी बॉर्डर पर पहुंचा तो यहां इमीग्रेशन अधिकारी उसकी जांच कर रहे थे। तभी उसे अचानक दिल का दौरा पड़ा और उसकी मौत हो गई। अटारी बॉर्डर पर तैनात बीएसएफ के अधिकारियों ने इस संबंध में श्रीनगर में सेना को सूचित कर दिया है।

इस बीच पाकिस्तान जाने के लिए भारत के अलग-अलग राज्यों से यहां पहुंची नौ महिलाओं को दस्तावेजों के अभाव में आज वापस कर दिया गया। इनमें से ज्यादातर महिलाओं की वीजा अवधि समाप्त हो चुकी थी। इन महिलाओं के बच्चों के पास ट्रेवल होने के चलते उन्हें पाकिस्तान भेज दिया गया। अटारी बार्डर पर पहुंचे दिल्ली निवासी मोहम्मद इब्राहीम की आज अधिकारियों के साथ जमकर बहस हुई। मोहम्मद इब्राहीम की करीब 18 साल पहले पाकिस्तान निवासी साइमा के साथ शादी हुई थी। कुछ माह पहले साइमा अपने मायके में गई। वहां उसके भाई का निधन हो गया। जिसके चलते मोहम्मद इब्राहीम के बच्चे भी पाकिस्तान चले गए। इस बीच साइमा की वीजा अवधि समाप्त हो गई और वह पाकिस्तान में रूक गई। बुधवार को मोहम्मद इब्राहीम के बच्चे को वापस लौट आए लेकिन उसकी पत्नी को बाघा बार्डर पर ही रोक लिया गया। इब्राहीम के अनुसार दो दिन से उसकी पत्नी बाघा बार्डर पर है। इसे लेकर काफी देर हंगामे के बावजूद अटारी बॉर्डर अधिकारियों ने मोहम्मद इब्राहीम को रोक लिया। ऐसे कई मामले सामने आने के बाद बीएसएफ तथा इमीग्रेशन अधिकारियों ने एक रिपोर्ट बनाकर विदेश मंत्रालय के पास भेजी है। वहां से निर्देश मिलने के बाद ही इस संबंध में कोई फैसला किया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top