Haryana

हिसार: तेज गति से विकास कार्य करवाना ही हमारा संकल्प : डॉ. कमल गुप्ता

जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों को संबोधित करते भाजपा प्रत्याशी डा. कमल गुप्ता।

भाजपा प्रत्याशी डा. कमल गुप्ता ने अनेक स्थानों पर किया नुक्कड़ सभाओं को संबोधित

हिसार, 13 सितंबर (Udaipur Kiran) । भाजपा उम्मीदवार डॉ. कमल गुप्ता ने कहा है कि पिछले दस वर्षों में हमने विकास कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी। अगले पांच वर्षों में और भी तेज गति से विकास कार्य किए जाएंगे, यह हमारा संकल्प है। उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्षी दलों की तरह जातिवाद या क्षेत्रवाद के नाम पर वोट नहीं मांगती। सबका साथ-सबका विकास ही पार्टी का मूलमंत्र है।

डॉ. कमल गुप्ता शुक्रवार को अपने जनसंपर्क अभियान के तहत शहर में प्रीतपाल सर्राफ, राजेंद्र गावड़िया, महाबीर प्रसाद महीपाल, राजबीर खटाणा, डॉक्टर विमल जैन, डॉक्टर सुरेंद्र गुप्ता, डॉक्टर इंद्र सैन गुप्ता व अमन बतरा के आवास पर जनसंपर्क कर रहे थे। उन्होंने नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पिछली सरकारों में युवा सरकारी नौकरी पाने की जुगाड़ में रहता था। नौकरी पाने के चक्कर में या तो अपनी जमीन बेच देता था या फिर उसे गिरवी रख देते थे। लेकिन भाजपा सरकार में ऐसा नहीं करना पड़ता। नौकरी पाने के लिए उसे पैसा या पर्ची की आवश्यकता नहीं है। तबादलों के लिए अब सफेदपोश दलालों की भी आवश्यकता नहीं है। तबादले ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से होते हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए ग्रुप सी व डी की भर्तियों में इंटरव्यू प्रक्रिया समाप्त कर दी गई है।

डा. गुप्ता ने कहा कि दस वर्ष पूर्व तक पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार की गंगोत्री बहती थी। प्रदेश सरकार ने सरकारी सेवाओं को ऑनलाइन करके भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने का काम किया है और अब पोर्टल पर ही घर बैठे सारे काम हो जाते हैं। जिला मीडिया प्रभारी सुरेश गोयल धूपवाला ने बताया कि जनसंपर्क अभियान के दौरान जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी यतीन्द्रानन्द गिरि महाराज ने डॉ कमल गुप्ता को आशीर्वाद दिया।

(Udaipur Kiran) / राजेश्वर

Most Popular

To Top