RAJASTHAN

हमारा लक्ष्य अटल, भारत बने विश्व का सबसे शक्तिशाली देश : शेखावत

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत

केंद्रीय मंत्री ने पोकरण में किया सदस्यता अभियान का आगाज

जैसलमेर, 7 सितंबर (Udaipur Kiran) । केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि हमारा लक्ष्य अटल है, भारत को विश्व का सबसे शक्तिशाली, संपन्न और सामर्थ्य देश बनाना है। शेखावत ने कहा कि हम विचारधारा के आधार पर काम करने वाले लोग हैं। हम स्पष्ट मार्ग पर अनुशासित होकर चलने वाले लोग हैं। हमारी कोई पहचान और आधार है तो हमारी पार्टी की वजह से है। उसके बिना हम कुछ भी नहीं हैं।

शेखावत ने शनिवार को पोकरण भाजपा के सदस्यता अभियान का आगाज किया। शेखावत ने कहा कि आजादी के ठीक बाद पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने जिस तरह से देश को, जिस दिशा में ले जाना प्रारंभ किया, उसके चलते आने वाले समय में देश के सामने जो भयावह संकट पैदा होंगे, जो चुनौतियां पैदा होंगी, उनको देखते और समझते हुए कुछ लोगों ने एक नई पार्टी खड़ी करने का साहस किया था। उस समय की परिस्थितियों की कल्पना कीजिए, तब पंडित नेहरू का कद इतना बड़ा था कि उनके सामने खड़े होकर कोई नया राजनीतिक दल बनाने की कल्पना करना, यह सोचने का साहस करना भी असंभव था। उस समय श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने मिलकर जनसंघ का बीज रोपित किया था। उस समय जो उंगली पर गिन सकने वाले लोगों का दल था, आज कार्यकर्ताओं की ताकत की बदौलत भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पॉलीटिकल पार्टी बन गई है।

शेखावत ने कहा कि जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक, हमारा लक्ष्य अटल है। वो लक्ष्य है, भारत को विश्व का सबसे शक्तिशाली, संपन्न और सामर्थ्य देश बनाना। मां भारती को पुनः विश्व के सर्वोच्च सिंहासन पर सुशोभित करने तक हम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता न झूकेंगे, न रुकेंगे, न झुकेंगे और न थकेंगे, हम निरंतर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के निर्माण के समय भारतीय जनता पार्टी का ध्वज पकड़ने वाले व्यक्ति कम ही थे। भारतीय जनता पार्टी की कोई पहचान नहीं थी। हम कमल के फूल को दीवार पर पोतने का काम करते थे, लेकिन कार्यकर्ता की ताकत के चलते दुनिया का सबसे बड़ा दल बने हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संगठन की ताकत को हमें समझना होगा। हम विचारधारा के आधार पर काम करने वाले लोग हैं। हम स्पष्ट मार्ग पर अनुशासित होकर चलने वाले लोग हैं। हमारी कोई पहचान और आधार है तो हमारी पार्टी की वजह से है। उसके बिना हम कुछ भी नहीं हैं। शेखावत ने सभी से भाजपा परिवार से जुड़कर राष्ट्र सेवा में समर्पित रहने का आग्रह किया। कार्यक्रम में पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी, जिला प्रमुख प्रताप सिंह, सांकड़ा प्रधान भगवत सिंह, पूर्व विधायक सांग सिंह, पूर्व विधायक शैतान सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित, जैसलमेर जिला भाजपा अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश सारदा, आईदान सिंह, सुनिता भाटी सहित अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि साथ रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Most Popular

To Top