Madhya Pradesh

संगठन पर्व सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, जिन क्षेत्रों में हम कमजोर वहां अधिक मजबूती प्रदान करना है- डॉ. महेंद्र सिंह

प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कार्यकर्ता बैठक को संबोधित किया

शिवपुरी/निवाड़ी, 7 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह सोमवार को निवाड़ी जिले में आमजन को भाजपा की सदस्यता कराने के बाद शिवपुरी जिले के करैरा विधानसभा की कार्यकर्ता बैठक को संबोधित कर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा का संगठन पर्व सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं है, यह पर्व जिन क्षेत्रों में हम कमजोर हैं, वहां अधिक से अधिक सदस्यता कराकर पार्टी को मजबूती देने के लिए है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हर समाज वर्ग के लोगों के लिए कार्य कर रहे हैं। कार्यकर्ता हर समाज वर्ग के लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए कार्य करें। भाजपा के सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता टोली बनाकर एक साथ घर-घर संपर्क कर लोगों को भाजपा परिवार से जोड़ने का कार्य करें। प्रदेश प्रभारी डॉ. सिंह ने कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक सदस्यता दिलाने का संकल्प भी दिलाया।

सदस्यता में विधानसभा क्षेत्र को नंबर एक पर लाने के लिए कार्य करें

भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि करैरा विधानसभा में भाजपा पहले से मजबूत स्थिति में है। यहां के कार्यकर्ताओं के जोश को देखकर मुझे विश्वास है कि इस विधानसभा में तय लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाकर इतिहास बनाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता अपने विधानसभा को सदस्यता में नंबर एक विधानसभा बनाने के लिए कार्य करें। प्रदेश में रोज सदस्यों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और अब प्रदेश डेढ़ करोड़़ से ज्यादा सदस्य बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है। पहले चरण में ही एक करोड़ से अधिक सदस्य बन चुके हैं। संगठन पर्व के लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को तीन से चार दिन तक अपना घर छोड़कर बूथ पर प्रवास करना होगा तथा दिए गए लक्ष्य को पूर्ण करना होगा। आप सभी कार्यकर्ता ठान लें तो कोई भी लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं। आज पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जो विकास के कार्य हुए हैं उससे देश ही नहीं विदेश में भी भारत का डंका बज रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से लेकर हर क्षेत्र में विकास हुआ है। भारत 2047 तक हर क्षेत्र में दुनिया से आगे रहेगा उस दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तेजी से कार्य कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री रोजागार उपलब्ध कराने औद्योगीकरण को बढ़ावा दे रहे हैं

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि हमें हर बूथ पर 200 से अधिक नए सदस्य जोड़ना है। सदस्यता अभियान को लेकर जो करैरा में कार्य हुआ है वह सराहनीय है। कार्यकर्ता थोड़ी और मेहनत करें तो दिए गए लक्ष्य को जल्द प्राप्त किया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के लिए 12 नए औद्योगिक जोन बनाए जा रहे हैं। छोटे व्यापारियों को बिना गारंटी के लोन देने और मशीनरी व अन्य सामान खरीदने के लिए क्रेडिट गारंटी योजना शुरू की गई है। एमएसएमई एवं परम्परागत कारीगरों को वैश्विक बाजार उपलब्ध कराने के लिए पीपीपी मोड से ई-कॉमर्स एक्सपोर्ट हब्स तैयार किए गए हैं। ट्रिपल तलाक के नरक से छुटकारा दिया है। गरीबों को प्रति व्यक्ति 5 किलो अनाज और मकान दिया है। पार्टी के पितृ पुरूष पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने कहा था कि जो हमारा परंपरागत विरोधी है, उसे मतदाता बनाना है, जो मतदाता बन गया है, उसे सदस्य बनना है। हमें प्रत्येक बूथ पर सजग प्रहरी बनकर खड़ा होना है।

निवाड़ी में बूथ पर पहुंचकर दिलाई भाजपा की सदस्यता

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने सोमवार सुबह निवाड़ी विधानसभा के बूथ क्रमांक 1 में संगठन पर्व के तहत लोगों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार द्वारा किए जा रहे गरीब कल्याण और विकास कार्यों की जानकारी देने के साथ बड़ी संख्या में लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई है। करैरा में आयोजित बैठक में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत, संभाग प्रभारी विजय दुबे, जिला अध्यक्ष राजू बाथम, विधायक रमेश खटीक, पूर्व विधायक जसवंत जाटव, जिला महामंत्री गगन खटीक सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top