
जालौन, 9 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । जालौन के दमां गांव में करंट लगने से एक 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना शनिवार की रात करीब 3 बजे की है। उन्होंने हैंडपंप में लगी पानी की मोटर चालू करने के लिए प्लग लगाया। प्लग लगाते समय वे करंट की चपेट में आ गए। जिससे उनकी उंगलियां झुलस गईं और वे जमीन पर गिर पड़े। मृतक की पहचान सतीश उपाध्याय के रूप में हुई है। जो अपनी पत्नी पिंकी और पुत्र सत्यम के साथ रहते थे।
बता दें कि देर रात 4 बजे जब पत्नी पिंकी की नींद खुली, तो उन्हें पति बिस्तर पर नहीं मिले। आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। जब वे खोजने निकलीं तो उन्हें अपने पति की लाश हैंडपंप के पास बिजली के प्लग के निकट पड़ी मिली। पत्नी की चीख सुनकर बेटा सत्यम भी जाग गया और दोनों बिलख-बिलख कर रोने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए। मृतक की विवाहित बेटी प्रियंका के ससुराल से आने के बाद रविवार की दोपहर में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
—————
(Udaipur Kiran) / विशाल कुमार वर्मा
