
लखनऊ,26 अप्रैल (Udaipur Kiran) । “वन नेशन वन इलेक्शन” अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से सुभाष गर्ल्स डिग्री कॉलेज अलीगंज में गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में बड़ी संख्या में छात्रों की उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि के तौर पर गोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा नेता नीरज सिंह ने कहा कि “वन नेशन वन इलेक्शन” से भारत की जीडीपी बढ़ेगी। उन्होंने कहा जब तक 140 करोड़ भारतीय एक दिशा में एक लक्ष्य निर्धारित करके नहीं चलेंगे तब तक श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को पूरा नहीं किया जा सकता। कई राजनीतिक दलों ने अपने संकीर्ण मानसिकता के कारण इस परिवर्तन को नहीं होने दिया। पूरे चुनाव का पैटर्न जो आजाद भारत के अंदर था हर 5 साल में चुनाव होंगे उसे जो पूरे पैटर्न को बदलने का काम हमारे उस समय के राजनीतिक दलों ने किया । नीरज सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव,विधान सभा का चुनाव,नगर निकाय के चुनाव व पंचायत चुनाव अलग —अलग होते हैं। इससे चुनाव कराने में खर्चा अधिक लगता है।
अगर हम केवल एक चुनाव कर दें तो आपको जानकर हैरानी होगी कि हमारे भारत की जीडीपी बढ़ जाएगी और जो हमने कल्पना की है एक विकसित राष्ट्र के रूप में हमारी यात्रा तेजी से आगे बढ़ेगी।
इस अवसर पर कॉलेज की प्रिंसिपल रश्मि विस्नोई, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मोर्चा अनुभव द्विवेदी, युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष मानवेन्द्र प्रताप सिंह,नगर उपाध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, महानगर मीडिया प्रभारी निखिल उपाध्याय, अभियान संयोजक अमित त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता, पार्षद स्वदेश सिंह, युवा मोर्चा महामंत्री अभीषेक गुप्ता, उपाध्यक्ष सौरभ तिवारी, अतुल सिंह, सचिन सोनकर, समर्थ सिन्हा की उपस्थिति रही।
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन
