Uttar Pradesh

अधिकार ही नहीं कर्तव्य के प्रति भी होना होगा सचेष्ट: डा. राजबिहारी

केबीपीजी कालेज में राष्ट्र की उन्नति का आधार नागरिक कर्तव्य विषयक संगोष्ठी

मीरजापुर, 06 सितम्बर (Udaipur Kiran) । नगर के केबीपीजी कालेज में शुक्रवार को आयोजित राष्ट्र की उन्नति का आधार नागरिक कर्तव्य विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय सह कार्यवाह डा. राजबिहारी ने कहा कि देश के नागरिक अधिकार की बात तो करतें हैं और कर्तव्यों को भूल जाते हैं। राष्ट्र के उत्थान के लिए नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। जनसहयोग के बगैर किसी राष्ट्र का समुचित विकास नहीं हो सकता। देश का भला तभी हो सकता है, जब हर नागरिक अपने कर्तव्य के प्रति सचेष्ट रहे।

उन्होंने कहा कि हिंदुत्व ही है जो विश्व बंधुत्व का भाव रखता है, विश्व बंधुत्व के भाव से ही विश्व में शांति आ सकती है। सबल राष्ट्र ही विश्व बंधुत्व में भूमिका निभा सकता हैं। कहा कि नागरिक कर्तव्य इस बात की अनुमति नहीं देते कि जाति, धर्म, वर्ग आदि को लेकर कोई दुर्भावना पाली जाए। राष्ट्र के बजाय किसी समुदाय की मजबूती के लिए कार्य किया जाए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि परिवार से समाज और समाज से ही राष्ट्र बनता है। इसलिए सबसे छोटी इकाई परिवार में कर्तव्यबोध का भाव भरने के लिए बच्चों को संस्कारित करना आवश्यक होता है। बच्चों को आदर्श नागरिक बनाने के लिए सबसे पहले अभिभावक को स्वयं आदर्श व्यक्तित्व बनना पड़ेगा। अतिथियों का स्वागत गोवर्धन तिवारी व केशवनाथ तिवारी ने किया। संचालन नीरज द्विवेदी एवं कालेज के प्राचार्य डा. अशोक सिंह ने आभार व्यक्त किया।

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Most Popular

To Top