
– अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुआ था जानवर, पुलिस ने दफनाया
मीरजापुर, 19 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । मड़िहान थाना क्षेत्र अंतर्गत लालगंज-कलवारी मार्ग पर अमोई गांव के पास शनिवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक नीलगाय घायल हो गई। कुछ लोग जंगली जानवर को सड़क के किनारे ले जाकर काटने लगे। किसी ने इसकी सूचना पटेहरा पुलिस को दे दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर कई लोग भाग गए पर एक युवक पकड़ा गया। वहीं पुलिस ने नीलगाय को गड्ढे में दफन करवाया।
अमोई गांव के समीप जंगली जानवर झुंड से भटक कर सड़क पर आ गया और वाहन के धक्के से घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास से कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। घायल जानवर को कुछ लोग सड़क किनारे ले जाकर काटने लगे। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। किसी ने पटेहरा पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। अंधेरा का फायदा उठा कुछ लोग फरार हो गए पर एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया। युवक को हिरासत में लेकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
प्रभारी निरीक्षण मड़िहान प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में जंगली जानवर की मौत हो गई थी। जिसे कुछ लोग काटने के लिए घसीट ले गए। जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची। जानवर के शव को दफन कर दिया गया है।
(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा
