
पटना, 25 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । भारत रत्न और भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर बुधवार को दीघा विधानसभा क्षेत्र में सुशासन पदयात्रा निकाली गई। इसका नेतृत्व उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्थानीय विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने किया।
पदयात्रा नेहरू नगर स्थित वन विभाग कार्यालय से पाटलीपुत्र गोलंबर होते हुए अटल पार्क तक गई। यहां दोनों नेताओं ने वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्रवाद और जनकल्याण के आदर्शों से प्रेरित था। दूरदर्शी राजनेता के रूप में साहसिक निर्णय लेकर उन्होंने शक्तिशाली और आत्मनिर्भर भारत की नींव रखी।
विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने कहा कि अटल जी ने भूख और भय से भारत को मुक्ति दिलाने का संकल्प लिया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनका संकल्प साकार करने में जुटे हैं। यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ता हाथों में प्ले कार्ड लिये नारे लगा रहे थे।
इस मौके पर सभी मंडल अध्यक्ष, मंच-मोर्चा के पदाधिकारी और प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।
————
(Udaipur Kiran) / गोविंद चौधरी
