RAJASTHAN

भाजपा कार्यकर्ताओं की एकजुटता के दम पर राजस्थान में भाजपा ही जीतेगी उपचुनाव : दिया कुमारी

होटल एस विला में आयाेजित भाजपा जिला बैठक

दाैसा, 26 जुलाई (Udaipur Kiran) । उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी के दौसा प्रवास पर जिला बॉर्डर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ प्रभु दयाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। काफिले के रूप में दौसा शहर के सैंथल मोड सर्किल, गांधी तिराहे सर्किल, सोमनाथ सर्किल पर भव्य स्वागत करते हुए उन्हें शहीद स्मारक तक लाया गया। यहां उन्हाेंने कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित किए।

इस माैके पर उन्हाेंने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारत के सैन्य इतिहास में एक गौरवशाली दिन है। कारगिल वह क्षेत्र है, जहां भारत और पाकिस्तानी सेना ने युद्ध किया और पड़ोसी देश के कब्जे से कारगिल द्रास क्षेत्र को आजाद कराया। इस दिन भारतीय सेना ने पाकिस्तान के खिलाफ विजय गाथा लिखी। भारत-पाकिस्तान की इस सैन्य जंग को इतिहास में विजय के प्रतीक के तौर पर मनाया जाता है और हर साल कारगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन भारत वीर सैनिकों के साहस और बलिदान को याद करता है। जहां पाकिस्तान से युद्ध करते हुए हमारे 634 जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे। इस युद्ध में पाकिस्तानी सेना ने भारत के कुछ जगहों पर अपना कब्जा कर लिया था जिसे भारतीय सेना के जांबाजों ने जान की परवाह किए बिना फिर से उस पर भारत का झंडा लहराया। आज इस युद्ध विजय को 25 साल हो गए हैं।

इसके बाद होटल एस विला में आयाेजित भाजपा जिला बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र में सरकार है और अब प्रदेश में भी सरकार है जो कि सुशासन, विकास एवं प्रगति को हमेशा प्राथमिकता देती है। कार्यकर्ताओं का सम्मान पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता रहती है। ऐसे में अब हमें मिलकर कमल के फूल को खिलाना है और दौसा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को जिताना है। हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि घर घर जाकर केंद्र सरकार व राज्य सरकार द्वारा आमजन के लिए बजट में की गई घोषणाओं की जानकारी उपलब्ध कराए ताकि आमजन को भी भाजपा व कांग्रेस की कार्यशैली में अंतर समझ आ सके। हमको मिलकर एकदूसरे के साथ रहक़र उपचुनाव में दौसा को विजयी बनाना है।

इस दाैरान दौसा विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक व प्रत्याशी शंकर लाल शर्मा द्वारा विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी मांगें रखी जिनकी तत्काल सहमति देते हुए आगामी समय में प्राथमिकता से कराने की बात कही। भाजपा कार्यकर्ता बैठक में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के साथ भूपेंद्र सैनी, जिला अध्यक्ष डॉक्टर प्रभु दयाल शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष टीकम सिंह गुर्जर, पूर्व विधायक व विधानसभा प्रत्याशी शंकर लाल शर्मा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष लक्ष्मी रेला, दौसा विधानसभा संयोजक महेंद्र तिवारी, भाजपा जिला महामंत्री रवि पालीवाल, हरकेश मटलाना, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, उर्मिला जोशी, कोषाध्यक्ष मुरारी छोकरियां, महावीर डोई, शाहिद अनेकों कार्यकर्ता पदाधिकारी बैठक में मौजूद थे।

भाजपा जिला कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करने के बाद उपमुख्यमंत्री ने होटल रामली ग्रैंड में राजपूत समाज सामाजिक संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। राजपूत समाज सामाजिक संवाद कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के साथ धुला राव साहब, राजपूत समाज प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चंदलाई भी मौजूद थे।

(Udaipur Kiran) / रोहित / संदीप

Most Popular

To Top