Uttar Pradesh

भाजपा के संघर्षशील रहे पुराने समर्पित कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान,गदगद

भाजपा का मैत्री मिलन सम्मान समारोह

—मैत्री मिलन सम्मान समारोह में दिवंगत पुराने कार्यकर्ताओं को याद कर दी गई श्रद्धांजलि

वाराणसी,09 फरवरी (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के संघर्षशील रहे पुराने समर्पित 150 कार्यकर्ताओं को लक्सा स्थित मजदा सिनेमा के सामने आयोजित मैत्री मिलन सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष तुलसी सुब्रमण्यम जोशी की अध्यक्षता में पुराने कार्यकर्ताओं के कठिन संघर्ष को याद किया गया। जिन्होंने भाजपा के संघर्षपूर्ण दिनों में कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए पार्टी और राष्ट्रहित में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

सम्मेलन में उन वीर कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई जिन्होंने संघर्ष के दौरान गोलियां और लाठियां खाकर भी लोकतंत्र और पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा बनाए रखी। इस अवसर पर 34 दिवंगत कार्यकर्ताओं का विशेष रूप से सम्मान किया गया। इनमें पद्मपति शर्मा (पूर्व पार्षद), बालजी पाठक, काशीनाथ अकेला, भगनलाल केसरी, परमात्मानंद दुबे, कृष्ण कुमार शर्मा, उमेश सरिन, विश्वनाथ वशिष्ठ, विश्वनाथ डिडवानिया के परिजनों को कार्यक्रम में आमंत्रित कर सम्मानित किया गया और उनकी स्मृति में श्रद्धांजलि स्वरूप उनकी तस्वीरें भी लगाई गईं।

समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि संघर्षशील कार्यकर्ताओं का सम्मान करना हमारे कर्तव्यों में शामिल है। ये वे लोग हैं जिन्होंने पार्टी को अपने खून-पसीने से सींचा है। कार्यक्रम को विशिष्ट अतिथि पार्टी संगठन में प्रदेश मंत्री शंकर गिरी ने भी सम्बोधित किया। इसके पहले वरिष्ठ कार्यकर्ता लालजी गुप्ता,विनोद गुप्ता, सोहनलाल आर्य ने राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा, भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का भी सम्मान किया गया। जिनमें आत्मा विश्वेश्वर, पार्षद नरसिंह दास, प्रेम चेलम, बी. सुरेश, श्रीनाथ गिरी, राजेश जायसवाल, विनोद गुप्ता, लालजी गुप्ता रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top