
जम्मू,18 मार्च (Udaipur Kiran) । नॉर्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन फिरोजपुर मंडल द्वारा जम्मू में जागरूकता सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें पूरे मंडल — फिरोजपुर, लुधियाना, अमृतसर, पठानकोट, कांगड़ा वैली, जालंधर, जम्मू, कटडा, श्रीनगर से हजारों रेल कर्मियों ने हिस्सा लिया। जिसकी अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष कामरेड शैम्बर सिंह ने की। मंच संचालन करते हुए मंडल सचिव कामरेड शिव दत्त ने सभी साथियों का आभार प्रकट किया और जम्मू मंडल बनने पर बधाई दी। उन्होंने मंडल में आने वाली समस्याओं पर भी जिक्र किया। कामरेड दत्त द्वारा जम्मू एवं श्रीनगर वैली के रेल कर्मियों की पानी, रेलवे आवास, चिकित्सा, शिक्षा, मौसम में आने वाली समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
कामरेड दत्त ने कहा कि आज के जागरूकता सम्मेलन में मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों को जागरूक करने का काम करना है। यूनियन हमेशा रेल कर्मचारियों की बेहतरी का कार्य करती है। कामरेड ने कहा कि मंडल की नोटिफिकेशन आने पर इसकी कार्यप्रणाली पर असली जामा पहनाया जाएगा। अभी तक दोनों मंडलों से संयुक्त कार्य चल रहा है, जिसकी चाल कछुए की तरह है, जो कि चिंताजनक है। उपरोक्त सभी मांगों पर मंडल रेल प्रबंधक जम्मू को एक मांग पत्र दिया गया। रेल प्रबंधक ने उस पर कार्य करने का आश्वासन दिया।
केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने कहा कि पिछले वर्ष केंद्र सरकार एवं रेल मंत्रालय द्वारा जम्मू में डिविजन की घोषणा की गई, जिसकी बहुत ही लंबे समय से मांग थी। यूनियन, स्थानीय लोग और राजनीति पार्टियों द्वारा जो मांग थी, वो पूरी हुई और होनी भी चाहिए। इसका नॉर्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन फिरोजपुर मंडल द्वारा स्वागत है। केंद्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि बिना किसी तैयारी के जम्मू मंडल को अस्तित्व में लाया गया। जम्मू मंडल के लिए मंडल रेल प्रबंधक जम्मू सहित अन्य बड़े अधिकारी की तैनाती कर दी गई, परंतु मंडल का संचालन सुचारू रूप से चले, उसकी कोई रूपरेखा तय नहीं की गई है। उन्होंने इस पर भी शीघ्र कार्यवाही करने की अपील की।
इस मौके पर मंडल कोषाध्यक्ष सुभाष शर्मा, सहायक मंडल सचिव कामरेड अश्वनी कुमार, सम्पन, मोहिंदर मीणा, कमलजीत, मुश्ताक अहमद खांडे, मंडल उपाध्यक्ष राजेश छहर्टा, सन्नी रंजन, अमर सिंह, जम्मू शाखा अध्यक्ष हरपाल सिंह सहित सभी शाखा सचिवों और अध्यक्षों ने भी साथियों को संबोधित किया और कर्मचारियों को यूनियन के इतिहास और उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी।
(Udaipur Kiran) / राहुल शर्मा
