Uttrakhand

अब चमचमाती नजर आएंगी डोईवाला विधानसभा क्षेत्र की सड़कें, सरपट दौड़ेंगे वाहन

अब चमचमाती नजर आएंगी डोईवाला विधानसभा क्षेत्र की सड़कें, सरपट दौड़ेंगे वाहन

– सौड़ा सरोली में आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए 204.40 लाख स्वीकृत

देहरादून, 02 अगस्त (Udaipur Kiran) । अब डोईवाला विधानसभा क्षेत्र की सड़कें चमचमाती नजर आएंगी और वाहन के पहिए सरपट दौड़ेंगे। वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत सौड़ा सरोली में आंतरिक मार्गों का निर्माण कार्य प्रारंभ होने जा रहा है। 265.37 लाख रुपये की लागत से 4.435 किमी मोटर मार्ग निर्माण और इंटरलॉकिंग किया जाएगा। इसके लिए राज्यपाल ने 204.40 लाख की प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति दी है।

विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि यह परियोजना डोईवाला क्षेत्र के नागरिकों के लिए बेहतर यातायात सुविधाएं प्रदान करने के साथ क्षेत्र की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। क्षेत्र के विकास और लोगों की सुविधा के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जनता को आश्वासन दिया कि विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। क्षेत्र के विकास के लिए वह निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए कुछ शर्तें लागू की गई हैं। दरें शेड्यूल ऑफ रेट से भिन्न होने पर अधीक्षण अभियंता का अनुमोदन आवश्यक होगा। कार्य प्रारंभ करने से पूर्व प्राविधिक स्वीकृति आवश्यक है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उक्त कार्य अन्य विभागीय बजट से न कराए गए हों। प्रस्तावित मार्ग ग्राम पंचायत रायपुर के आंतरिक मार्ग हैं और निर्माण के उपरांत इनके रख—रखाव के लिए ग्राम पंचायत को हस्तांतरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वीकृत विस्तृत आगणन में परिवर्तन करने से पूर्व सक्षम अधिकारी की सहमति लेनी होगी। कार्य समयबद्ध रूप से पूरा न करने की दशा में अन्य एजेंसी का चयन कर निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। ठेकेदार के साथ अनुबंध में समय-सारणी स्पष्ट रूप से उल्लिखित की जाएगी। कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने की जिम्मेदारी अधिशासी अभियंता की होगी। व्यय स्वीकृत नार्म के अनुरूप ही किया जाएगा। बजट मैनुअल के समस्त नियमों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। यदि कार्य के लिए अन्य विभागीय बजट से धनराशि स्वीकृत की गई है तो इस धनराशि का आहरण नहीं किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता क्षेत्रीय कार्यालय की देखरेख में कार्य होगा। कार्य के लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 में आवंटित धनराशि का व्यय 31 मार्च 2025 तक सुनिश्चित किया जाएगा।

(Udaipur Kiran) / कमलेश्वर शरण / वीरेन्द्र सिंह

Most Popular

To Top