
धर्मशाला, 22 मई (Udaipur Kiran) । कारगिल में बलिदान हुए कांगड़ा जिले के अग्निवीर नवीन कुमार (25) की पार्थिव देह अब कल शुक्रवार को उनके पैतृक गांव पहुंचेगी। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को पैतृक गांव हलूं में सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि जवान का पार्थिव शरीर आज पालमपुर के आर्मी कैंप में रखा जाएगा। शुक्रवार सुबह 8 बजे पार्थिव शरीर वहां से पैतृक गांव लाया जाएगा और 9 बजे के बाद अंतिम संस्कार होगा।
गौरतलब है कि अग्निवीर नवीन कुमार मंगलवार रात को कारगिल के द्रास सेक्टर में लैंडस्लाइड के चलते बलिदान हो गए थे। वहीं बलिदानी का पार्थिव शरीर पहले आज उनके पैतृक गांव पंहुचना था लेकिन अब शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उधर आज सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार बलिदानी के गांव पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी मां से मुलाकात की और परिजनों को ढांढस बंधाया।
मां से फोन पर कहा था, लड़की देख लेना सितंबर में घर आऊंगा
शहादत से कुछ घंटे पहले ही नवीन ने अपनी मां जुध्या देवी से फोन पर बात की थी। इस बातचीत में उन्होंने कहा था मां, मैं सितंबर में छुट्टी लेकर आऊंगा। मेरे लिए लड़की देख लेना, शादी की तारीख भी पक्की कर लेना। नहीं तो आपको अकेले रहना पड़ेगा।
शहीद के सम्मान में बंद रहेगा बाजार
नवीन के बलिदान की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके घर पर रिश्तेदारों और आसपास के गांवों के लोगों का तांता लगा हुआ है। शोक के चलते कल यानी 23 मई को थुरल का पूरा बाजार बंद रहेगा। स्थानीय व्यापारियों ने यह निर्णय बलिदानी के सम्मान में लिया है।
अग्निवीर नवीन कुमार के बलिदान की सूचना पर मुख्यमंत्री सहित हिमाचल प्रदेश के कई नेताओं ने भी दुख जताया है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी नवीन के बलिदान पर शोक प्रकट किया है। हिमाचल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि भगवान परिवारजनों को इस असहाय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। वहीं, हिमाचल के पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि नवीन के बलिदान को सदैव याद रखा जाएगा। पर्यटन निगम के चेयरमैन कैबिनेट रैंक आरएस बाली के अलावा कांगड़ा के सांसद डॉ राजीव भारद्वाज ने कहा कि नवीन का समर्पण और बलिदान हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
(Udaipur Kiran) / सतिंदर धलारिया
