Haryana

अब रोहतक नहीं पंचकूला में होगा हरियाणा भाजपा का मुख्यालय

चंडीगढ़, 31 मार्च (Udaipur Kiran) । हरियाणा की राजनीतिक राजधानी रोहतक अब भाजपा का मुख्यालय नहीं रहेगा। भाजपा का नया मुख्यालय चंडीगढ़ से सटा पंचकूला में होगा। पंचकूला से ही पार्टी की गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।केंद्रीय नेतृत्व से मंजूरी मिलने के बाद अब छह अप्रैल से पंचकूला से पार्टी की गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। प्रदेश में चल रहे संगठनात्मक चुनावों को देखते हुए नए पार्टी अध्यक्ष के पदभार संभालने की पूरी संभावना है। पार्टी अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि 6 अप्रैल को पंचकूला में नए पार्टी मुख्यालय में अपना स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इसके बाद 14 अप्रैल को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर एक और बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के लिए पार्टी की तरफ से संयोजक तैनात कर दिए गए हैं।

बडोली ने बताया कि रोहतक पार्टी कार्यालय को कार्यकर्ता प्रशिक्षण स्कूल में तब्दील किया जाएगा। इसके अलावा सभी प्रशासनिक गतिविधियां पंचकूला से संचालित की जाएंगी। रोहतक में अभी पार्टी मुख्यालय इसलिए बनाया गया था, क्योंकि सभी राजनीतिक दलों के मुख्यालय वहां पर थे।

पंचकूला के भाजपा ऑफिस पंचकमलम में पदाधिकारियों के साथ-साथ राज्य के किसी भी हिस्से से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए कमरे और 600 सीटों वाला एक सभागार है। राजधानी चंडीगढ़ करीब होने के कारण यहां मुख्यमंत्री का आवागमन सुचारू बना रह सकता है। हरियाणा भाजपा के प्रभारी सतीश पूनिया ने बताया कि सरकार के कामकाज के सिलसिले में विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के चंडीगढ़ आने के मद्देनजर पार्टी मुख्यालय के लिए पंचकूला अधिक उपयुक्त है।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top