RAJASTHAN

हर विधानसभा में होंगे 10 करोड़ के नॉन पेचेबल एवं मिसिंग लिंक सड़कों के कार्य

राजस्थान विधानसभा

जयपुर, 21 मार्च (Udaipur Kiran) । स्वायत्त शासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष के बजट में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को नॉन पेचेबल एवं मिसिंग लिंक सड़कों के लिए 10-10 करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका निम्बाहेड़ा में गत सरकार के समय की निश्चित अवधि से पहले ही जर्जर हुई सड़कों की जांच सार्वजानिक निर्माण विभाग, चित्तौडग़ढ़ के गुणवत्ता नियंत्रण खण्ड से करवाई जाएगी। उन्होंने जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए आश्वस्त किया।

स्वायत्त शासन राज्यमंत्री प्रश्नकाल में पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे।

उन्होंने बताया कि पाइप लाइन डालने के लिए तोड़ी गई सड़कों की मरम्मत का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में निर्मित गारंटी पीरियड वाली सड़कों की मरम्मत सम्बंधित संवेदकों द्वारा करवाई जाएगी। नगर पालिका निम्बाहेड़ा की क्षतिग्रस्त सड़कों के मरम्मत के लिए अतिरिक्त बजट देने के विषय पर उन्होंने कहा कि बजट उपलब्धता के आधार पर इस सम्बन्ध में विचार किया जाएगा।

विधायक श्रीचंद कृपलानी के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में स्वायत्त शासन राज्यमंत्री ने कहा कि नगर पालिका निम्बाहेड़ा द्वारा निम्बाहेड़ा शहर में गत पांच वर्षों में विभिन्न सड़कों के निर्माण, पुनर्निमाण एवं दुरूस्तीकरण के कुल 119 कार्य कराये गये। जिन पर कुल 4801.23 लाख रूपये की राशि का व्यय हुआ है। उन्होंने इन कार्यों का वार्डवार विवरण दिया।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Most Popular

To Top