नई दिल्ली, 01 जून (Udaipur Kiran) । दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थ का धंधा करने के आरोप में नाइजीरियन नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान डेविड लीने (48) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के पास से कुल 282 ग्राम उम्दा किस्म की कोकीन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत एक करोड़ से ज्यादा की बताई जा रही है।
वर्ष 2015 में मेडिकल वीजा पर आया डेविड अवैध रूप से भारत में अपने परिवार के साथ रह रहा था। भारत में रहने के दौरान आरोपित ने पहले सैलून खोला। इसके बाद आरोपित ने प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम किया। काम न चलने पर इसने पत्नी के साथ मिलकर अफ्रीकी कम्यूनिटी के लिए एक किचन भी खोला था।
काम न चलने की वजह से छह माह पूर्व ही इसने एक अन्य नाइजीरियन नागरिक लियो के कहने पर मादक पदार्थों का धंधा शुरू किया था। आरोपी के पास से साउथ अफ्रीका एक फर्जी पासपोर्ट भी बरामद हुआ है।
क्राइम ब्रांच की डीसीपी अपूर्वा गुप्ता ने बताया कि उनकी टीम पिछले काफी समय से मादक पदार्थों का धंधा करने वालों पर नजर रखे हुए है। इसी कड़ी में टीम को सूचना मिली कि एक नाइजीरियन नागरिक कोकीन सप्लाई करने करने महाबीर नगर, तिलक नगर आने वाला है। सूचना के बाद फौरन एक टीम का गठन किया गया। आरोपित को महाबीर नगर से दबोच लिया गया। उसके पास मौजूद बैग से पुलिस को 282 ग्राम कोकीन बरामद हुई।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी
