Haryana

हिसार : हड़ताल पर गए एनएचएम कर्मचारी, स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ा असर

नारेबाजी करते एनएचएम कर्मचारी।

यूनियन के अनुसार 860 में से 540 एनएचएम कर्मचारी रहे हड़ताल पर

हिसार, 26 जुलाई (Udaipur Kiran) । दो दिन के अल्टीमेटम के बावजूद सरकार एवं उच्चाधिकारियों द्वारा मांगों व समस्याओं पर ध्यान न दिए जाने से रोषित एनएचएम कर्मचारियों ने चार दिवसीय हड़ताल का ऐलान कर दिया है। हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष धरना लगाया और नारेबाजी की। एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ा है।

एचएचएम कर्मचारियों ने अपनी घोषणा को सिरे चढ़ाते हुए शुक्रवार को सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष धरना देकर हड़ताल शुरू की। यूनियन का दावा है कि एनएचएम के तहत जिले के 860 में 540 कर्मचारी हड़ताल पर रहे। अपनी मांगों को लेकर चिकित्सक पहले ही हड़ताल पर चल रहे हैं वहीं एनएचएम के कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से स्थिति और विकट हो गई है। यूनियन के जिला प्रधान अनिल कुमार व राज्य उपप्रधान जगत बिसला ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में पिछले 20-25 साल से अपनी सेवाएं दे रहे एनएचएम कर्मचारी सरकार व प्रशासन से पिछले पांच साल में सैंकड़ों बैठकें कर चुके हैं लेकिन हर बार कर्मचारियों को सिर्फ आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला जिससे कर्मचारियों में सरकार व प्रशासन के खिलाफ रोष पनपता गया। इसी के परिणामस्वरूप हड़ताल के रूप में सरकार व प्रशासन की अनदेखी की वजह से जनता को सामना करना पड़ रहा है।

एसोसिएशन का कहना है कि जिलें में 860 में 540 एनएचएम कर्मचारी शुक्रवार को हड़ताल पर रहे। इससे इन कर्मचारियों द्वारा दी जाने वाली सेवाएं जैसे महिला प्रसूति, गर्भवती महिला की जांच, गर्भवती महिला व बच्चों का टीकाकरण, स्कूल हेल्थ प्रोग्राम, मेंटल हेल्थ प्रोग्राम, क्षयरोग रोकथाम कार्यक्रम, एंबुलेंस सेवा, जिला व ग्रामीण क्षेत्र की सभी स्वास्थ्य संस्था पर दी जाने वाली सेवाएं पूर्ण रूप से प्रभावित रही।

जिला उपप्रधान कौशल्या, पूनम व कांता ने कहा कि सरकार के शोषण रूपी आदेशों के खिलाफ अब एनएचएम कर्मचारी आरपार की लड़ाई को तैयार हैं। धरने पर सोरखी, नारनौंद, उकलाना, मंगाली, आदमपुर व बरवाला ब्लॉक से कर्मचारी शामिल हुए।

धरने को सुशील मोर, पूनम, कौशल्या, शर्मिला, सुदेश, पिंकी, कविता, नविता, डॉ. सुनील, डॉ. मोनिका, डॉ. संदीप बूरा, मंजू, नीलम, डॉ. बलवंत, डॉ. जोगिंदर रेड्डू, डॉ. हरजीत, डॉ. अर्चना व डॉ. अंकिता आदि ने संबोधित किया। धरने को सर्व कर्मचारी संघ, एमपीएचई एसोसिएशन व समाजसेवी श्रवण कुमार वर्मा ने भी अपना समर्थन दिया।

(Udaipur Kiran) / राजेश्वर / SANJEEV SHARMA

Most Popular

To Top