अगरतला, 15 मई (Udaipur Kiran) । त्रिपुरा को तेल और गैस क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मिली है। राज्य को आधिकारिक रूप से राष्ट्रीय हाइड्रोकार्बन मानचित्र में शामिल किया गया है और इसी क्रम में ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) ने गोमती ज़िले के देबतमुरा क्षेत्र में अपने पहले कुएं की खुदाई शुरू कर दी है।
यह खुदाई ‘एनईबीडी-आरएफ़-ऑनशोर-2023/1’ ब्लॉक के तहत की जा रही है, जिसे केंद्र सरकार द्वारा पूर्वोत्तर भारत में ऊर्जा संसाधनों के दोहन हेतु आवंटित किया गया था। ऑयल इंडिया ने इस क्षेत्र को संभावनाशील मानते हुए यहां उन्नत तकनीकों के जरिए अन्वेषण कार्य शुरू किया है।
राज्य सरकार ने इसे राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि इससे स्थानीय रोज़गार के अवसर बढ़ेंगे और त्रिपुरा ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेगा।
जानकारों के मुताबिक, अगर अन्वेषण सफल रहा तो देबतमुरा क्षेत्र त्रिपुरा के औद्योगिक नक्शे में बड़ी जगह बना सकता है और राज्य के विकास में नया अध्याय जुड़ सकता है।
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश
