WORLD

नेपालः सर्वोच्च अदालत ने भ्रष्टाचार के आरोप में पूर्व मंत्री गोविंद राज जोशी को सुनाई नौ माह जेल की सजा

Former Minister Govind Raj Joshi

काठमांडू, 28 जुलाई (Udaipur Kiran) । नेपाल सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री गोविन्द राज जोशी को भ्रष्टाचार के एक मामले में जेल की सजा हुई है। देश की सर्वोच्च अदालत ने पूर्व मंत्री को 9 महीने की जेल की सजा सुनाई है। 12 साल पुराने आय से अधिक संपत्ति के मामले में विशेष अदालत द्वारा सुनाए गए फैसले के विरोध में जोशी ने सर्वोच्च अदालत में चुनौती दी थी। विशेष अदलत ने 12 वर्ष पहले पूर्व मंत्री जोशी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने के एक मामले में 18 महीने की सजा और 4.32 करोड़ रुपये जुर्माना वसूलने का आदेश दिया था। विशेष अदालत के इस फैसले को जोशी ने सर्वोच्च अदालत में चुनौती दी थी।

सर्वोच्च अदालत में पिछले 12 वर्षों से यह मामला लम्बित था। बार-बार पेशी पर चढ़ाए जाने के बावजूद विभिन्न कारणों से उसपर सुनवाई नहीं हो पा रही थी। आज सर्वोच्च अदालत के न्यायाधीश विनोद शर्मा और बालकृष्ण ढकाल की बेंच ने जोशी को आय से अधिक मामले में दोषी करार देते हुए सजा का ऐलान किया है। हालांकि विशेष अदालत द्वारा दिए गए 18 महीने की सजा को कम करते हुए 9 महीने कर दिया गया है। इसी तरह विशेष अदालत द्वारा लगाए गए जुर्माने को भी 4.32 करोड़ से घटाते हुए सिर्फ 70 लाख रुपये कर दिया है।

नेपाली कांग्रेस पार्टी के नेता रहे जोशी कई बार सरकार में मंत्री रहे। पिछले चुनाव में अपने निर्वाचन क्षेत्र से टिकट नहीं मिलने के बाद जोशी ने पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार रामचन्द्र पौडेल के खिलाफ बागी उम्मीदवारी दी थी। चुनाव के दौरान ही जोशी को कांग्रेस पार्टी ने कार्रवाई करते हुए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। हालांकि बाद में उस क्षेत्र से निर्वाचित सांसद पौडेल राष्ट्रपति का चुनाव जीत गए और इस समय देश के राष्ट्रपति हैं।

(Udaipur Kiran) / पंकज दास / प्रभात मिश्रा

Most Popular

To Top